पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत, अब मोबाइल एप से घर बैठे बनेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट; देखें प्रोसेस
अमरोहा में पेंशनरों को अब जीवन प्रमाण पत्र के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वे अपने मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना सकेंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
पेंशनर मोबाइल ऐप से घर बैठे बना सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र।
1 से 30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान।
बैंक, डाकघरों में 5 नवंबर को लगेंगे विशेष शिविर।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। पेंशनर को जीवन प्रमाण पत्र के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। घर बैठे ही वह अपने मोबाइल के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना सकेंगे। इसके लिए उनको मोबाइल में एप डाउनलोड करना होगा। इसके अलावा पांच नवंबर को बैंक व डाकघरों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जनपद में करीब 6000 पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर पेंशन पा रहे हैं। वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक राव गौतम ने बताया कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान आगामी एक नवंबर से शुरू किया जा रहा है। यह 30 नवंबर तक चलेगा।
इसका उद्देश्य पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान कराना तथा पेंशन संबंधी कार्यों को सरल एवं सुगम बनाना है। अभियान के तहत पेंशनरों को फेस सत्यापन के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इसके लिए उमंग एप, जीवन प्रमाण एप एवं आधार फेस आरडी एप का उपयोग किया जाएगा। इनके जरिए पेंशनर घर बैठे भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना सकते हैं। आगामी पांच नवंबर को जनपद के समस्त प्रमुख बैंक शाखाओं, डाकघरों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिनमें पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने में आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिन पेंशनरों के पास स्मार्टफोन अथवा आवश्यक तकनीकी सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे बैंक शाखा, डाकघर अथवा जनसेवा केंद्र (CSC) के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, वृद्ध, अस्वस्थ एवं दिव्यांग पेंशनर, जो बैंक या कोषागार आने में असमर्थ हैं, उनके लिए घर पर ही मोबाइल एप के माध्यम से फेस सत्यापन द्वारा डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पेंशनर्स से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।