विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कल बरात ले आना...' ससुर के ताने को सच मान बैठा प्रेमी, दीवाली के अगले दिन पहुंचा तो हुई धुनाई; फिर थाने से विदाई

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:12 PM (IST)

तीन साल के प्रेम-प्रसंग के बाद एक युवक ने प्रेमिका के पिता की कटाक्ष भरी बात को शादी की सहमति ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।

HighLights

  1. प्रेमी ने प्रेमिका के पिता के ताने को शादी की सहमति समझा।

  2. बरात लेकर पहुंचने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।

  3. थाने में पंचायत के बाद युवती की सहमति से शादी हुई।

जागरण संवाददाता, हापुड़। 1976 में आई फिल्म ''लैला-मजनू'' के गीत ''तेरे दर पर आ आया हूं, कुछ करके जाऊंगा...'' की पंक्तियां सोमवार को कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव असरा में घटित एक घटनाक्रम पर सटीक बैठती नजर आईं। तीन साल से प्रेम-प्रसंग के बाद युवक ने प्रेमिका से शादी की ठान ली।

दीपावली की रात प्रेमिका के पिता की कटाक्ष में कही गई बात को उसने शादी की सहमति समझ लिया। फिर क्या था, सोमवार दोपहर युवक रिश्तेदारों और दोस्तों को साथ लेकर प्रेमिका के घर बरात लेकर पहुंच गया। हालांकि, यहां शादी की शहनाई बजने से पहले ही मारपीट शुरू हो गई।

क्या बोले थे गर्लफ्रेंड के पिता?

युवती पक्ष के लोगों ने प्रेमी और उसके साथियों की जमकर पिटाई कर दी। मामला थाने पहुंचा तो चार घंटे चली पंचायत के बाद प्रेमी की मुराद पूरी हो गई। युवती की सहमति से उसको थाने से ही प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया।

कोतवाली देहात क्षेत्र के लुकराड़ा गांव के रहने वाले युवक अमन का असरा गांव की एक युवती से करीब तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक का कहना था कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। हालांकि, युवती के स्वजन को उनके प्रेम-प्रसंग की जानकारी नहीं थी।

दीपावली की रात युवक ने युवती के पिता को फोन कर शादी कराने का आग्रह किया था। इस पर पिता ने कटाक्ष करते हुए कह दिया कि कल आ जाना, शादी करा देंगे। युवक ने इस बात को मजाक के बजाय गंभीरता से ले लिया।

दीवाली के अगले दिन ही पहुंच गया प्रेमिका के घर

सोमवार दोपहर युवक अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को साथ लेकर युवती के घर पहुंच गया। अचानक युवक को बरात की तरह लोगों के साथ दरवाजे पर देखकर युवती पक्ष के लोग भड़क गए। शादी की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

युवती पक्ष के लोगों ने युवक और उसके साथ आए रिश्तेदारों व दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। यहां करीब चार घंटे तक पंचायत और बातचीत का दौर चला।

दोनों पक्ष कैसे हुए शादी को राजी?

अंत में युवती की सहमति मिलने पर दोनों पक्ष विवाह कराने के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में युवती को युवक पक्ष के साथ विदा कर दिया गया। युवक अपनी प्रेमिका को रिश्तेदारों के साथ लेकर चला गया। इस तरह कटाक्ष में कही गई एक बात ने प्रेम कहानी को शादी के अंजाम तक पहुंचा दिया।

युवक-युवती दोनों शिक्षित, बालिग और एक ही जाती के हैं। उनमें कई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दीपावली की रात युवक ने प्रेमिका के पिता से शादी कराने का आग्रह किया था। इसी संबंध में बातचीत करने वह लड़की के घर पर पहुंच गए, जहां पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। थाने में दोनों पक्ष शादी करने पर राजी हो गए। युवक और युवती की वीडियो बना ली गई हैं। वहीं दोनों पक्षों में समझौते के आधार पर युवती को युवक पक्ष के साथ भेज दिया गया है।
- पारस मलिक - एसएचओ - थाना देहात।

यह भी पढ़ें- 'निकाह किया तो जान से मार दूंगा...' प्रेमी की धमकी से दहशत में आया दूल्हा, बिना निकाह लौटी बारात


-----------------------

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।