'निकाह किया तो जान से मार दूंगा...' प्रेमी की धमकी से दहशत में आया दूल्हा, बिना निकाह लौटी बारात
मंडी धनौरा में एक दूल्हे को प्रेमिका के प्रेमी ने जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद शादी टूट ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
थाने में हुई घंटों पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात
संवाद सहयोगी, मंडी धनौरा (अमरोहा)। निकाह की खुशियों के बीच एक काल ने ऐसा खलल डाला कि बरात आने से पहले ही शादी टूट गई। दुल्हन के प्रेमी ने होने वाले दूल्हे को फोन कर धमकी दे दी कि वह उसकी होने वाली पत्नी से प्यार करता है। यदि उसने युवती से निकाह किया तो उसे जान से मार देगा। धमकी से घबराया दूल्हा वैवाहिक स्थल पर पहुंचने के बजाय सीधे थाने पहुंच गया।
यहां उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। बाद में दुल्हन पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच घंटों पंचायत चली, लेकिन दूल्हा निकाह करने को राजी नहीं हुआ। आखिरकार बिना निकाह किए ही बरात वापस लौट गई।
घटना थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाली युवती का रिश्ता बिजनौर जनपद के एक युवक के साथ तय हुआ था। शनिवार रात बारात आने की तैयारियां चल रही थीं।
इसी बीच गांव के ही एक युवक ने होने वाले दूल्हे को काल कर दिया। आरोप है कि उसने खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए उससे निकाह करने पर जान से मारने की धमकी दी।
फोन पर मिली धमकी से दूल्हा और उसके स्वजन घबरा गए। उन्होंने वैवाहिक स्थल पर जाने के बजाय थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। जानकारी मिलने पर दुल्हन पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत हुई, लेकिन दूल्हा अपने फैसले पर अडिग रहा। इसके बाद बिना निकाह किए ही बरात वापस लौट गई। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि रात दोनों पक्ष थाने पर आए थे। दोनों के बीच आपस में बातचीत हुई थी।