विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा मेला: बृजघाट में मैप बताएगा स्नान घाट और पार्किंग का रास्ता, श्रद्धालुओं की राह होगी आसान

Published: Thu, 22 Oct 2026 09:30 AM (IST)

हापुड़ प्रशासन कार्तिक पूर्णिमा पर बृजघाट गंगा स्नान मेले की तैयारियों में जुटा है, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला मैप का उपयोग किया जा रहा है।

कार्तिक पूर्णिमा मेला (AI-Generated image)

कार्तिक पूर्णिमा मेला (AI-Generated image)

HighLights

  1. मेला मैप से मिलेगी घाटों, पार्किंग की जानकारी।

  2. डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का मैप से किया निरीक्षण।

  3. भीड़ और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान।

केशव त्यागी, हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा पर बृजघाट में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है।

मेला क्षेत्र में स्नान घाटों से लेकर पार्किंग, चिकित्सा शिविर और पुलिस चौकियों तक की जानकारी अब मैप के जरिए मिलेगी। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने मेला मैप के माध्यम से व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बृजघाट, खादर घाट और ललित घाट सहित अन्य स्नान घाटों की स्थिति और क्षमता की जानकारी ली। इसके साथ ही मेला क्षेत्र की मुख्य सड़कों, संपर्क मार्गों, वैकल्पिक रास्तों और पार्किंग स्थलों का रोड मैप देखा।

श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस चौकियों, कंट्रोल रूम, चिकित्सा शिविर, खोया-पाया केंद्र, अग्निशमन केंद्र और पेयजल प्वाइंटों की लोकेशन का भी जायजा लिया गया।

भीड़ से लेकर जाम तक, हर व्यवस्था पर नजर

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के दौरान घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ने और सड़कों पर जाम लगने की आशंका को देखते हुए बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन प्लान की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी कविता मीना ने निर्देश दिए कि मेला मैप में दर्शाई गई सभी व्यवस्थाएं समय से धरातल पर पूरी कराई जाएं। मेला क्षेत्र के प्रवेश द्वारों पर मैप के बड़े होर्डिंग्स लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों, रास्तों और जरूरी सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की योजना मेला मैप के अनुसार तैयार की जाए। भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को रास्ता तलाशने से लेकर स्नान और अन्य सुविधाओं तक किसी तरह की परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें- हापुड़ से दिल्ली जा रहा परिवार हादसे का शिकार, कैंटर की टक्कर से 3 साल के हमदान की मौत; 5 घायल

यह भी पढ़ें- हापुड़ में 45 करोड़ से बनेंगे 2 बिजलीघर और लगेंगे 200 ट्रांसफार्मर, बिजली कटौती और ओवरलोडिंग से मिलेगी राहत