विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ से दिल्ली जा रहा परिवार हादसे का शिकार, कैंटर की टक्कर से 3 साल के हमदान की मौत; 5 घायल

Published: Wed, 21 Oct 2026 01:28 PM (IST)

हापुड़ के निजामपुर बाइपास पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने सेंट्रो कार को टक्कर मार दी, जिससे तीन वर्षीय मासूम ...और पढ़ें

कोतवाली नगर क्षेत्र के के निजामपुर बाइपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने सेंट्रो कार में टक्कर मार दी। एआई इमेज

कोतवाली नगर क्षेत्र के के निजामपुर बाइपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने सेंट्रो कार में टक्कर मार दी। एआई इमेज

HighLights

  1. हापुड़ में कैंटर की टक्कर से मासूम हमदान की मौत।

  2. हादसे में परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल।

  3. पुलिस ने लापरवाह कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

केशव त्यागी, हापुड़। दिल्ली जाने के लिए घर से निकले परिवार को क्या पता था कि रास्ते में एक हादसा उनकी खुशियां छीन लेगा। कोतवाली नगर क्षेत्र के के निजामपुर बाइपास पर पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने सेंट्रो कार में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में तीन वर्षीय मासूम हमदान की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दादी, चाची, पिता और छोटी बहन घायल हो गए।

मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मामले में पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ड्राइवर लापरवाही से चला रहा था गाड़ी

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बुलंदशहर जिले के खानपुर के इजहार ने बताया कि मंगलवार को अपनी सेंट्रो कार से परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी अंजूम, मां रीना उर्फ जरीना, चाची रुकसाना और दो बच्चे हमदान (तीन वर्ष) व इनाया (डेढ़ वर्ष) सवार थे।

दोपहर करीब 12 बजे उनकी कार हापुड़ के निजामपुर बाइपास पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि कैंटर ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था।

परिवार के सभी सदस्य हो गए घायल

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार परिवार के सभी सदस्य घायल हो गए। इजहार घायलों को लेकर तत्काल जीएस अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय हमदान को मृत घोषित कर दिया, जबकि परिवार के अन्य घायलों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

नशे में होने का लगाया आरोप

इजहार के अनुसार, हादसे के बाद कैंटर चालक ने पूछताछ में अपना नाम आदेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी कल्याणपुर, जिला अमरोहा बताया। तहरीर में चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने कैंटर चालक और संबंधित वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में 45 करोड़ से बनेंगे 2 बिजलीघर और लगेंगे 200 ट्रांसफार्मर, बिजली कटौती और ओवरलोडिंग से मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- रात नहीं, सुबह की पहली किरण के साथ क्यों जलता है रावण? हापुड़ की 1941 से चली आ रही अनोखी परंपरा