हापुड़ में हाईवे पर खड़ी खराब बस में जा घुसी तेज रफ्तार कार, नेपाल से लौट रहे चार लोग घायल; दो मेरठ रेफर
हापुड़ के सिम्भावली बाईपास पर एक कार खराब खड़ी बस में जा घुसी, जिससे कार चालक समेत नेपाल के चार ...और पढ़ें

दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
HighLights
हापुड़ में खड़ी बस से टकराई तेज रफ्तार कार।
हादसे में कार चालक सहित पांच लोग हुए घायल।
दो गंभीर घायलों को मेरठ हायर सेंटर किया रेफर।
सतीश शर्मा, सिंभावली (हापुड़)। थाना क्षेत्र के बाईपास पर एक खराब बस में पीछे से अनियंत्रित होकर कार घुस गई, जिसमें चालक समेत नेपाल के चार लोग घायल हुए हैं। वहीं, कार के परखच्चे उड़ गए। इनमें चालक समेत दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार जिला कंचनपुर (नेपाल) के थाना बैलजाड़ी, पालिका वार्ड नंबर एक का बिशन सिंह पुत्र रतन सिंह अपने रोहित , विशाखा और अनिल के साथ कार में सवार होकर टैक्सी कार से नेपाल जा रहे थे।
नोएडा सेक्टर 39 के अगापुर का रहने वाला गौरव लांबा पुत्र मदन लाबा कर चला रहा था। खुडलिया गांव के सामने पहुंचते ही कार हाईवे के बीच खड़ी खराब बस में पीछे से जा घुसी।पुलिस के अनुसार बस का कुछ समय पहले ही हादसा हुआ था और उसे हाईवे से हटाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बस में जा घुसी।
हादसे में बस में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी और कस्बा चौकी इंचार्ज आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत नजदीकी सिखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चालक गौरव और घायल अनिल की नाजुक हालत देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उसके बाद पुलिस में दोनों वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी का कहना है कि दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। जिसमें दो की हालत थोड़ी चिंताजनक है, वही, तीन सामान्य चोट है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
