हापुड़ की फैक्ट्री में फिर लगी भीषण आग, 2 श्रमिक झुलसे; बिना NOC फैक्ट्री के चलने पर उठा सवाल
धौलाना की सुख स्टील्स फैक्ट्री में फोम के गद्दों में आग लगने से दो कामगार गंभीर रूप से झुलस गए। ...और पढ़ें
HighLights
सुख स्टील्स में फोम गद्दों में आग, दो कामगार झुलसे
फैक्ट्री में नौ जुलाई के बाद यह दूसरी आग
बिना अग्निशमन एनओसी के चल रही थी फैक्ट्री
जागरण संवाददाता, धौलाना। मसूरी-गुलावठी रोड औद्योगिक क्षेत्र के फेज तीन स्थित सुख स्टील्स में बृहस्पतिवार शाम तैयार फोम के गद्दों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो कामगार गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें कंपनी प्रबंधन ने गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की चार वाहनों ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार शाम के समय कामगार तैयार माल को कंपनी परिसर में बने गोदाम नंबर तीन में रख रहे थे।
इसी दौरान तैयार माल में आपस में रगड़ होने से निकली चिंगारी से फोम ने आग पकड़ ली। आग तेजी से फैलने के कारण कामगारों में भगदड़ मच गई। बझेड़ा कला के अब्दुल्ला और देहरा के जाबिर आग की चपेट में आकर झुलस गए।

कामगारों के अनुसार घटना के करीब 20 मिनट तक कंपनी में लगे अग्निशमन उपकरण काम नहीं कर सके। इससे आग लगातार फैलती गई। सूचना पर दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र में खड़े दमकल वाहन की शाफ्ट टूटने के कारण पिलखुवा और गाजियाबाद से वाहन मंगाने पड़े।
दमकल की गाड़ियां करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंचीं। गनीमत रही कि आग से करीब 200 मीटर की दूरी पर कंपनी परिसर में आइसोब्यूटेन गैस का बड़ा भंडारण था। आग वहां तक पहुंचती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
गौरतलब है कि नौ जुलाई को भी इसी फैक्ट्री परिसर में आग लगी थी। उस हादसे में एक कामगार की झुलसने से मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हुआ था। दमकल अधिकारी सचिन बालियान ने बताया कि चार वाहनों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
नौ जुलाई को भी हुआ था हादसा
सुख स्टील्स में नौ जुलाई की सुबह भी आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था। उस घटना में आग की चपेट में आने से कामगार गुलफाम की झुलसकर मौत हो गई थी, जबकि देहरा के सावेज गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के बाद कई दिनों तक फैक्ट्री का संचालन बंद रहा था। घटना के बाद थाना धौलाना में फैक्ट्री संचालक के खिलाफ अग्निशमन विभाग की अनुमति के बिना फैक्ट्री का संचालन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद बृहस्पतिवार को एक बार फिर फैक्ट्री परिसर में आग लगने से सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
NOC नहीं, फिर भी चल रही फैक्ट्री
सुख स्टील्स में बृहस्पतिवार शाम एक बार फिर आग लगने की घटना के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले हादसे के बाद भी फैक्ट्री संचालक ने अग्निशमन विभाग से अभी तक एनओसी प्राप्त नहीं की थी।
इसके बावजूद फैक्ट्री में कामकाज जारी था। पिछले हादसे में एक कामगार की जान जाने के बाद भी अनुमति के बिना फैक्ट्री का संचालन कैसे जारी रहा, यह सवाल अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

हादसे के बाद अब सवाल उठ रहा है कि जब पिछली घटना के बाद फैक्ट्री को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल सामने आए थे तो बिना एनओसी के संचालन की अनुमति किस आधार पर दी गई।
बृहस्पतिवार की आग ने न केवल फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी, बल्कि विभागों की निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- हापुड़ के सर्राफा दुकान में बुजुर्ग ने लगाया लाखों का चूना, असली जेवर लेकर नकली अंगूठी छोड़ गया
