हापुड़ के सर्राफा दुकान में बुजुर्ग ने लगाया लाखों का चूना, असली जेवर लेकर नकली अंगूठी छोड़ गया
हापुड़ के सर्राफा बाजार में एक बुजुर्ग व्यक्ति लाखों के आभूषण चुराकर फरार हो गया। उसने दुकानदार को बातों में ...और पढ़ें

हापुड़ में बुजुर्ग ने सर्राफा दुकान में लाखों के आभूषण चुराए, नकली अंगूठी छोड़ गया।
HighLights
हापुड़ सर्राफा बाजार में लाखों के आभूषण चोरी।
बुजुर्ग ने असली गहनों की जगह नकली अंगूठी रखी।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश में पुलिस।
जागरण संवाददाता, हापुड़। सर्राफा बाजार में खरीदारी के बहाने दुकान में घुसा एक बुजुर्ग व्यक्ति लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया। शातिर ने दुकानदार को बातों में उलझाकर दो अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब कर दिए और उनके स्थान पर डिब्बे में नकली सोने की अंगूठी रख दी।
ई-रिक्शा चालक को रुपये देने की बात कहकर निकला आरोपित जब वापस नहीं लौटा तो दुकानदार को ठगी का पता चला। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपित दुकान से निकलते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है।
कृपा शंकर वर्मा की सर्राफा बाजार में आभूषण की दुकान
स्वर्ग आश्रम रोड स्थित देवलोक कॉलोनी के रहने वाले कृपा शंकर वर्मा की सर्राफा बाजार में आभूषण की दुकान है। मंगलवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने अंगूठी और अन्य आभूषण खरीदने की बात कही। दुकानदार ने ग्राहक समझकर उसे विभिन्न आभूषण दिखाने शुरू कर दिए।
आरोप है कि आभूषण देखने के दौरान बुजुर्ग ने मौका पाकर दो अंगूठी समेत अन्य आभूषण अपने पास कर लिए। इसके बाद उसने चालाकी से उनके स्थान पर डिब्बे में नकली सोने की अंगूठी रख दी। कुछ देर बाद आरोपित ने दुकानदार से कहा कि उसे ई-रिक्शा चालक को रुपये देने हैं और वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। दुकानदार उसकी बात पर भरोसा कर बैठा।
डिब्बे में रखी अंगूठी नकली और दुकान से असली आभूषण गायब
आरोपित के दुकान से निकलने के बाद काफी समय बीत गया, लेकिन वह वापस नहीं आया। शक होने पर दुकानदार ने आभूषणों की जांच की तो उनके होश उड़ गए। डिब्बे में रखी अंगूठी नकली निकली और दुकान से असली आभूषण गायब थे। इसके बाद आरोपित की आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो आरोपित दुकान से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद घटना की वीडियो फुटेज इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गन्ना किसानों के लिए राहत की खबर: 15 अक्टूबर तक मिलेगा 100 करोड़ का बकाया भुगतान, ये है पूरा प्लान
