हापुड़ में दुकान पर कहासुनी के बाद एक्शन में पुलिस, गोली चलाने वाला नामजद आरोपी गिरफ्तार
हापुड़ के भड़ंगपुर गांव में परचून की दुकान पर हुए विवाद के बाद युवक को गोली मारने के मामले में ...और पढ़ें

हापुड़ में दुकान पर कहासुनी के बाद गोली चलाने वाला नामजद आरोपी गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
हापुड़ के भड़ंगपुर में दुकान पर विवाद के बाद गोली चली।
पुलिस ने गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
एक बाल अपचारी भी हिरासत में, अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
धर्मपाल आर्या, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम भड़ंगपुर में परचून की दुकान पर हुए विवाद के बाद युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है। हालांकि, वारदात में शामिल अन्य आरोपित अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस को दी तहरीर
ग्राम भड़ंगपुर के विकास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपने साथी सुमित निवासी ग्राम शेखपुर के साथ गांव में बब्बू की परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे।
इनमें भड़ंगपुर के हर्ष और लक्की तथा लुखराड़ा के प्रिंस डबास और विनीत शामिल थे। आरोप है कि चारों ने विकास और उसके साथी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
मौके से फरार आरोपी
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इस दौरान बचाव में विकास ने पास में रखी बोतल फेंक दी। आरोप है कि इसी बात से गुस्साए लक्की ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया था।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने ग्राम लुखराड़ा के प्रिंस डबास को गिरफ्तार कर लिया है। एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।