हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले को लेकर 21 नवंबर से ट्रैफिक डायवर्जन, गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरेंगी गाड़ियां
हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 21 नवंबर से भारी और 22 नवंबर से हल्के वाहनों का मार्ग गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा, जिसमें 23-24 नवंबर को जीरो ट्रैफिक की संभावना है।

गढ़ गंगा मेले को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए पुलिस ने वाहनों की आवाजाही के लिए विस्तृत रूट प्लान तैयार किया है। इसके तहत 21 नवंबर की दोपहर 12 बजे से भारी व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन लागू हो जाएगा।
वहीं, 22 नवंबर की सुबह आठ बजे से छोटे और हल्के वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। इस बार यातायात व्यवस्था में गंगा एक्सप्रेसवे की अहम भूमिका रहेगी।
दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को एक्सप्रेसवे के रास्ते निकाला जाएगा।
21 नवंबर दोपहर से भारी वाहनों का डायवर्जन
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि भारी वाहनों के लिए डायवर्जन 21 नवंबर दोपहर 12 बजे से 25 नवंबर शाम आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। जबकि हल्के वाहनों के लिए 22 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर शाम आठ बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
23 और 24 नवंबर को जीरो ट्रैफिक की तैयारी
23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर यातायात व्यवस्था और सख्त की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक लागू किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। अत्यधिक भीड़ अथवा जाम की स्थिति में हल्के वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोकने का निर्णय लिया जा सकता है।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
- दिल्ली-गाजियाबाद से अमरोहा, मुरादाबाद की ओर: एनएच-09 से आने वाले भारी वाहन हापुड़ के सिंभावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे। इसके बाद मेरठ के 32.5 किलोमीटर माइलस्टोन से यू-टर्न लेकर हसनपुर गंग कट और संभल कट से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- मुरादाबाद से दिल्ली-गाजियाबाद की ओर: भारी वाहन चंदौसी और संभल कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली कट से एनएच-09 पर पहुंचेंगे।
- गजरौला से हापुड़-दिल्ली की ओर: वाहन गजरौला से हसनपुर गंग कट होकर गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। यहां से सिंभावली कट के रास्ते एनएच-09 पर पहुंचकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- मेरठ-किठौर से स्याना-बुलंदशहर की ओर: इस दिशा से आने वाले भारी वाहनों को किठौर से हापुड़, मुदाफरा, टियाला, ततारपुर और सिंभावली कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
छोटे और हल्के वाहनों के लिए बदलेगा रूट
- दिल्ली-गाजियाबाद से अमरोहा-मुरादाबाद की ओर: हल्के वाहन हापुड़ से खुडलिया अंडरपास के रास्ते गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ेंगे। इसके बाद हसनपुर गंग कट और संभल कट से आगे अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
- मुरादाबाद से दिल्ली-गाजियाबाद की ओर: वाहन चंदौसी और संभल कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली कट से एनएच-09 पर पहुंचेंगे।
- गजरौला से हापुड़-दिल्ली की ओर: इस दिशा के वाहन हसनपुर गंग कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे। इसके बाद सिंभावली कट से एनएच-09 के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
- मेरठ-किठौर से गढ़-स्याना़ की ओर: वाहन किठौर से टियाला, ततारपुर और सिंभावली कट होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आपात स्थिति में बदलेगा रूट
एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से डायवर्जन की यह नई व्यवस्था है। ऐसे में किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में पुलिस पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भी यातायात संचालित करा सकती है।
अत्यधिक भीड़ अथवा जाम की स्थिति में हल्के वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली ही नहीं हापुड़ तक दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें, शुक्रवार को DTC की 100 बसों को हरी झंडी दिखाएंगी CM