दिल्ली ही नहीं हापुड़ तक दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें, शुक्रवार को DTC की 100 बसों को हरी झंडी दिखाएंगी CM
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कश्मीरी गेट आईएसबीटी से इन्हें हरी झंडी दिखाएंगी, जिससे डीटीसी बेड़े में बसों की कुल संख्या 7088 हो जाएगी।

डीटीसी के बेड़े में सौ इलेक्ट्रिक बसें और शामिल। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कश्मीरी गेट आईएसबीटी से इन बसों को हरी झंडी दिखाएंगी। इनमें 50 बसें नौ मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की होंगी।
इनके शामिल होने के बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में बसों की कुल संख्या बढ़कर करीब 7088 हो जाएगी। इनमें 5338 इलेक्ट्रिक और 1750 सीएनजी बसें शामिल होंगी।
2028-29 तक 14 हजार बसें करने का लक्ष्य
परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की संख्या बढ़ाकर करीब 14 हजार करना है। नई बसें वातानुकूलित और लो-फ्लोर होंगी।
इनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
हापुड़ के लिए भी चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूत करने जा रही है। इसके तहत आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
इससे दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दौड़ेगी 3 कोच वाली मेट्रो, एयरपोर्ट और नोएडा जाना होगा आसान; नए कॉरिडोर में बनेंगे 8 स्टेशन