हापुड़ में सात लोगों के गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट, दहशत ऐसी कि कोर्ट में गवाही देने से भी कतराते थे लोग
हापुड़ पुलिस ने बाबूगढ़ और देहात क्षेत्र में हत्या, मारपीट और धमकी देने वाले एक गिरोह के सात सदस्यों पर ...और पढ़ें
-1793765742782-1793936698581-1793936705840_m.webp)
सात आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। एआई इमेज
HighLights
हापुड़ में सात सदस्यीय आपराधिक गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट लगा।
गिरोह का सरगना कुलदीप, लोग गवाही देने से डरते थे।
हत्या, मारपीट, धमकी देने जैसी वारदातों में संलिप्त था गिरोह।
केशव त्यागी, हापुड़। थाना बाबूगढ़ और थाना देहात क्षेत्र में हत्या, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी सात आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जिलाधिकारी से गैंग चार्ट का अनुमोदन मिलने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरोह का सरगना कुलदीप को बनाया गया है।
न्यायालय में गवाही देने से भी डरते हैं लोग
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि कुलदीप पुत्र राजवीर अपने साथियों अमित, जसवंत, प्रदीप, अनुज उर्फ गोल्डी, राजवीर और जयपाल के साथ मिलकर संगठित आपराधिक गिरोह चला रहा था।
गिरोह के सदस्य बाबूगढ़ और हापुड़ देहात क्षेत्र में सरेराह दिनदहाड़े हत्या, गंभीर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी वारदातों में संलिप्त रहे हैं।
गिरोह की आपराधिक गतिविधियों और दहशत के चलते क्षेत्र के लोग उनके खिलाफ शिकायत करने और न्यायालय में गवाही देने से भी डरते हैं। गिरोह के सदस्य भौतिक और आर्थिक लाभ के लिए दबंगई के दम पर अपना प्रभाव कायम करना चाहते थे।
छह सदस्यों पर हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
गिरोह के छह सदस्यों के खिलाफ हापुड़ देहात थाने में हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं, कुलदीप और अनुज उर्फ गोल्डी के खिलाफ थाना बाबूगढ़ में वर्ष 2023 में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद बाबूगढ़ पुलिस ने सातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 2/3 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।