शराब पिला-पिलाकर दौड़ा रहे भैंसा, हाईवे पर बाइक रेस..., यूपी के गढ़ गंगा मेला में खौफनाक खेल; पुलिस बेबस
हापुड़ के गंगा मेले में भैंसा दौड़ का जुनून हर साल व्यवस्था पर भारी पड़ता है, जहाँ युवा पशुओं पर ...और पढ़ें
केशव त्यागी, हापुड़। गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाने की चाह लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच कुछ युवाओं का भैंसा दौड़ का जुनून हर साल मेले की व्यवस्था पर भारी पड़ता है।
पशुओं को नुकीले डंडों से गोदकर दौड़ाना, हाईवे पर बाइक से रास्ता खाली कराना और राहगीरों को डराकर हटाना अब गंगा मेले के दौरान बार-बार सामने आने वाली समस्या बन गई है।
इस बार पुलिस ने मेले से पहले ही सौ से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए। अलग-अलग जिलों के 11 युवा समूहों को चिह्नित किया गया। पांच स्थानों पर त्वरित कार्रवाई दल तैनात करने और सीसीटीवी से निगरानी की तैयारी भी की गई।
इसके बावजूद मौजूदा मेले में चार दिन के भीतर पशु दौड़ की दर्जनों घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे सवाल उठ रहा है कि आखिर हर साल होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा?
नुकीले डंडे-चाबुक बने पीड़ा का कारण
भैंसा दौड़ में जीतने और अपना दबदबा दिखाने के लिए कुछ युवा पशुओं पर अमानवीय अत्याचार करते हैं। उन्हें नुकीले डंडों से गोदा जाता है और चाबुक से पीटा जाता है।
कई पशुओं को कई महीने पहले से दौड़ के लिए तैयार किया जाता है। कुछ पशुपालकों द्वारा पशुओं को नशीले पदार्थ और शराब पिलाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
दौड़ के दौरान बाइक सवार युवक पशुओं के आगे-आगे चलते हैं और दूसरे वाहन चालकों को रास्ते से हटने के लिए मजबूर करते हैं। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
सामने आए भैंसा दौड़ के प्रमुख मामले
- आठ अक्टूबर 2025 : मेरठ के हसनपुर गांव से करीब आधा दर्जन युवक एक भैंसे को अभ्यास के नाम पर लगभग 28 किलोमीटर तक दौड़ाकर गढ़मुक्तेश्वर ले आए। करीब एक घंटे की लगातार दौड़ के बाद भैंसा थककर बैठ गया।
- 27 अक्टूबर 2025 : सिंभावली क्षेत्र में तत्कालीन जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय आधी रात खुद सड़क पर खड़े होकर दौड़ रुकवाई। दो अलग-अलग मामलों में पांच युवकों को गिरफ्तार कराया गया और चार भैंसे व बुग्गियां जब्त की गईं।
- 29 अक्टूबर 2025 : पुलिस ने करीब 20 बुग्गियों को सील किया और नौ युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
2026 में पहले से तैयारी, फिर भी नहीं थमी मनमानी
भैंसा-बुग्गी दौड़ रोकने के लिए पिछले वर्ष पकड़े गए सौ से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए। बाबूगढ़, ततारपुर, वैठ, नानपुर और गढ़ चौपला में त्वरित कार्रवाई दल तैनात करने की योजना बनाई गई।
प्रत्येक दल में 20 से 30 जवान रखने और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी से निगरानी करने की तैयारी की गई। 11 युवा समूहों को चिह्नित किया। इनमें मेरठ के सात, मोदीनगर के तीन और बागपत का एक समूह शामिल है।
संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर इन समूहों पर निगरानी और कार्रवाई का आग्रह किया। इतनी तैयारियों और चेतावनियों के बावजूद मौजूदा मेले के दौरान भैंसा दौड़ और बाइक रेस के मामले सामने आने लगे। चार दिन में ऐसी दो दर्जन घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
बोले जिम्मेदार
पशु दौड़ प्रतिबंधित है। पुलिस इसको रोकने के लिए अपनी रणनीति के अनुसार काम कर रही है। आसपास के अन्य जनपदों के अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
- मधुवन कुमार सिंह, एसपी
यह भी पढ़ें- हापुड़ में जमीन के टुकड़े के लिए दबंगों की गुंडई, किसानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर गंगा नदी में धकेले ट्रैक्टर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।