विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में प्रॉपर्टी के विवाद में पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट, घटना के बाद फरार; पुलिस तलाश में जुटी

By Keshav TyagiEdited By: Sonu Suman
Published: Tue, 02 Jun 2026 01:43 AM (IST)

हापुड़ में संपत्ति विवाद को लेकर एक पिता पर अपने 27 वर्षीय बेटे तुषार की गोली मारकर हत्या करने का ...और पढ़ें

हापुड़ में प्रॉपर्टी के विवाद में पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट।

हापुड़ में प्रॉपर्टी के विवाद में पिता ने बेटे को उतारा मौत के घाट।

HighLights

  1. पिता ने संपत्ति विवाद में बेटे को गोली मारी।

  2. मेरठ के कैली फ्लाईओवर के पास हुई वारदात।

  3. आरोपी पिता सुंदर की तलाश में जुटी पुलिस।

केशव त्यागी, हापुड़। प्रॉपर्टी के विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में धकेल दिया, जहां एक पिता पर अपने ही जवान बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। सोमवार देर रात करीब मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित गांव कैली फ्लाईओवर के नीचे 27 वर्षीय युवक तुषार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में मृतक के पिता सुंदर को हत्यारोपित बनाया गया है। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस हत्यारोपित की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव दोयमी का तुषार (27 वर्षीय) सोमवार देर रात घर से निकला था। सूत्रों के अनुसार उसके पिता सुंदर ने उसे फोन काल कर उसे गांव कैली फ्लाइओवर के पास मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हो गया।

सुंदर ने तुषार पर दो गोलियां दाग दीं

आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सुंदर ने तुषार पर दो गोलियां दाग दीं। सिर में गोली लगने से तुषार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि जिस संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, वह सुंदर की पत्नी के नाम दर्ज है। सूत्रों के अनुसार तुषार उस संपत्ति को बेचना चाहता था, जबकि सुंदर इसका लगातार विरोध कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही थी। कई बार परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने भी दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हो सका।

पति की मौत के बाद पत्नी का रो रोकर बुरा हाल

तुषार की मौत के बाद उसकी पत्नी शिखा, दो मासूम बच्चों, मां ब्रजेश और बहन मोना का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन के लोगों का कहना है कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि संपत्ति का विवाद इतनी भयावह घटना का रूप ले लेगा। गांव में भी घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार हत्यारोपित सुंदर का नाम पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। चर्चा है कि वर्ष 1997 में अपने दादा की हत्या के मामले में भी वह नामजद रहा था और उसके खिलाफ दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में हत्या, रंगदारी और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

थाना खरखौदा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। - नीरज कुमार, प्रभारी निरीक्षक, थाना हापुड़ , देहात

यह भी पढ़ें- हापुड़ में पुलिस मुठभेड़: कपड़ा व्यापारी लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला ड्राइवर, तीन बदमाश गिरफ्तार