विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुबई में पाकिस्तानी गैंगस्टर से मिलने की तैयारी में थे दोनों आरोपी, फोन से संवेदनशील जगहों की मिली फोटो

Published: Thu, 19 Mar 2026 05:30 AM (IST)Updated: Thu, 19 Mar 2026 07:00 AM (IST)

हापुड़ पुलिस ने धोलाना क्षेत्र से अजीम राणा और आजाद राजपूत को देश विरोधी गतिविधियों में गिरफ्तार किया है। ये ...और पढ़ें

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी दी।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी दी।

HighLights

  1. हापुड़ में दो युवक देश विरोधी गतिविधियों में गिरफ्तार।

  2. दुबई में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से मिलने की योजना।

  3. संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें गैंगस्टर को भेजी गईं।

केशव त्यागी, हापुड़। थाना धौलाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपित दुबई जाकर पाकिस्तान मूल के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से मिलने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें संवेदनशील स्थानों की फोटो, वीडियो और चैटिंग मिली है।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पिपलैहड़ा स्थित मुगल गार्डन कालोनी में रहने वाला अजीम राणा और उसका रिश्तेदार आजाद राजपूत संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम मुगल गार्डन कालोनी में इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंची, जहां मुखबिर के इशारे पर खाली प्लॉट में बैठे दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान गांव पिपलैहड़ा के अजीम राणा (27) और जिला मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव जेई के आजाद राजपूत (30) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान दोनों आरोपितों के पास से एक एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

जब दोनों मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, वाट्सएप चैट और लोकेशन मिलीं। इनमें दिल्ली के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सनातन धर्म मंदिर और आसपास की कालोनी की फोटो और वीडियो शामिल हैं, जिन्हें आरोपी द्वारा गैंगस्टर को भेजा गया था।

दिसंबर 2025 से शहजाद भट्टी के संपर्क में था आरोपी

पूछताछ में अजीम राणा ने बताया कि वह दिसंबर 2025 से गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था और इंस्टाग्राम, टेलीग्राम तथा वाट्सएप के माध्यम से उससे बातचीत करता था। गैंगस्टर के कहने पर उसने दिल्ली के रमेश नगर स्थित सनातन धर्म मंदिर और आसपास के इलाके की रेकी कर फोटो और वीडियो उसे भेजे थे। दोनों आरोपितों की आपस में और गैंग्स्टर से लंबी वाट्सएप चैटिंग हुई है, जिसमें कई संदेश डिलीट भी किए गए थे।

मोबाइल फोन के विश्लेषण में यह भी पता चला कि दोनों दुबई जाकर गैंगस्टर से मिलने की योजना बना रहे थे और इस संबंध में चैटिंग भी मौजूद है। आरोपितों के मोबाइल फोन से आडियो, वीडियो, फोटो और चैट के स्क्रीनशाट लेकर उन्हें डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी संवेदनशील स्थानों की जानकारी गैंगस्टर को भेज रहे थे, जिससे देश की सुरक्षा और धार्मिक सौहार्द को गंभीर खतरा हो सकता था। दोनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

आरोपितों को अली उर्फ बाबू से मिलवाना चाहता था गैंगस्टर

इसके अलावा चैटिंग में यह भी सामने आया कि गैंगस्टर ने अपने एक खास सहयोगी अली उर्फ बाबू का जिक्र भी आरोपितों से किया था। वह दोनों आरोपितों को उससे मिलवाना चाहता था। बाद में आरोपितों को पता चला कि पंजाब के अंबाला में आरडीएक्स के साथ पकड़े गए तीन आरोपितों में अली उर्फ बाबू भी शामिल था।

जांच में यह भी सामने आया कि अजीम राणा हैदराबाद के नानपल्ली इलाके में गैंग्स्टर के एक रिश्तेदार (खालू) से मिलने भी गया था और इस संबंध में दोनों आरोपितों के बीच वाट्सएप चैटिंग भी मिली है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ से होगी यूपी-दिल्ली में चौपहिया वाहनों की आपूर्ति, गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का कुराना में होगा शुभारंभ