हापुड़ में महाभारत कालीन मेले की तैयारियां तेज, DM कविता मीना और SP ने किया निरीक्षण; दिए सख्त निर्देश
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में महाभारत कालीन कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना और एसपी मधुबन सिंह ने निरीक्षण किया।

मेला क्षेत्र का अधिकारियों ने किया जायजा
HighLights
जिलाधिकारी कविता मीना ने मेला स्थल का निरीक्षण किया।
एसपी मधुबन सिंह ने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों को समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। गंगा खादर में लगने वाले महाभारत कालीन कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर अब सिस्टम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाधिकारी कविता मीना एवं एसपी मधुबन सिंह द्वारा अलग अलग निरीक्षण किया गया। वहीं अधिनस्थों को समय से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी कविता मीना, सीडीओ श्रुति शर्मा एवं एडीएम संदीप कुमार द्वारा सोमवार को गंगा मेला स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मानचित्र के हिसाब से वहां की स्थिति को समझते हुए धरातल पर हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
'समय से पहले पूरी हों सभी तैयारियां'
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक सूरत में समय से पूर्व मेले की सभी तैयारियां पूर्ण हो जानी चाहिए। यदि किसी ने कार्य में लापरवाही बरती तो उसके विरुद्व सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हाेंने एसडीएम अशोक कुमार सैनी को लगातार स्थिति पर नजर बनाने एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह द्वारा गंगा मेले की तरफ आने वाले अधिकांश मार्गो का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मेले में आने वाले वाहनों एवं जाम लगने वाले स्थलों के बारे में जानकारी की।
क्षेत्राधिकारी को मिले सख्त कार्रवाई के निर्देश
उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल यादव को जाम लगने वाले स्थलों पर विशेष प्रबंध करने तथा भैंसा दौड़ करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा मेले में आने वाले पुलिस कर्मियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी हासिल की। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
