हापुड़ में भैंसा दौड़ प्रतियाेगिता पर लगाम, कार्तिक पूर्णिमा मेले से पहले पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन
हापुड़ पुलिस ने कार्तिक पूर्णिमा मेले से पहले भैंसा दौड़ प्रतियोगिताओं पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।

भैंसा दौड़ में उपयोग होने वाली बुग्गी। जागरण
HighLights
हापुड़ पुलिस ने भैंसा दौड़ पर सख्त कार्रवाई शुरू की।
यह दौड़ें पशु क्रूरता और दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं।
दोषियों को नोटिस, चेकिंग बढ़ी, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। गंगा मेले के दौरान हाईवे से लेकर तमाम लिंक मार्गो पर भैंसा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कुछ लोग करते हैं। यह लोग अपने शौक के लिए बेजुबानों पर जमकर कहर बरपाते हैं। ऐसे में कई बार इनकी मौत तक हो जाती है। इस तरह की दौड़ प्रतियोगिताओं को रोकने के लिए पुलिस को समय रहते सक्रिय होना होगा।
गंगा खादर क्षेत्र में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले में करीब 30 लाख लोग गंगा स्नान करने के लिए आते हैं। पुण्य अर्जित करने के लिए यहां श्रीमद्भागवत साप्ताहिक कथा के साथ ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है।
लोग गंगा स्नान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर पुण्य अर्जित करते हैं। लेकिन कुछ लोग इस धार्मिक मेले के दौरान अपने शौक पालने के लिए हाईवे से लेकर तमाम स्टेट हाईवे, लिंक मार्ग आदि पर बेजुबान पशुओं पर दौड़ के नाम पर कहर बरपाते हैं। छोटी बुग्गी में भैंसा जोड़कर उसको भगाया जाता है।
कई भैंसों की हो जाती है मौत
इसके दोनों तरफ बाइकों पर युवक सवार रहते हैं जो कील युक्त डंडी से बेजुबान के शरीर पर वार करते हैं। इस दौड़ में कई बार बेजुबान की मौत तक हो जाती है, कई बार लोग दुर्घटना में घायल तक हो जाते हैं।
दौड़ के दौरान जाम लग जाता है। यदि कोई आगे निकलने का प्रयास करता है तो यह लोग उस पर हमलावर तक हो जाते हैं। इसके लिए वह एक माह पूर्व से तैयारी शुरू कर देते हैं।
हमने इस तरह की दौड़ को रोकने के लिए तमाम प्रयास शुरू कर दिए है। जाे लोग पिछले वर्ष पकड़े गए थे, उनके यहां नोटिस भिजवाएं जा रहे हैं। गणमान्य लोगों से अपील कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त रात्रि में चेकिंग बढ़ा दी गई है। बावजूद इसके कोई दौड़ करता पाया गया तो पशु क्रूरता नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- राहुल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर
