हापुड़ में चोरों और झपटमारों का आतंक, दिनदहाड़े युवती से मोबाइल छीना; पार्किंग से 2 बाइक चोरी
हापुड़ में चोरों और झपटमारों के हौसले बुलंद हैं, जहां सार्वजनिक स्थानों और पार्किंग से बाइक चोरी हो रही हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू की है।

हापुड़ में एक पुल पर युवती से मोबाइल झपटा। (AI-Generated Image)
HighLights
हापुड़ में चोरों और झपटमारों का आतंक बढ़ा।
सार्वजनिक स्थानों और पार्किंग से बाइक चोरी की घटनाएं।
दिनदहाड़े युवती से मोबाइल झपटकर बदमाश फरार हुए।
केशव त्यागी, हापुड़। शहर में चोरों और झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। कहीं सार्वजनिक मैदान में खड़ी बाइक गायब हो रही है तो कहीं पार्किंग में वाहन सुरक्षित नहीं हैं। हद तो तब हो गई, जब दिनदहाड़े पुल पर बाइक सवार झपटमार युवती के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
अलग-अलग स्थानों पर हुई इन तीन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों को पकड़ने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती के बीच पीड़ितों को खुद थाने पहुंचकर शिकायत देनी पड़ रही है। पुलिस ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामलीला मैदान में खड़ी बाइक लेकर चंपत हुआ चोर
बैंक कालोनी, चमरी के अंजेश्वर ने बताया कि उसने 19 अक्टूबर को उसकी बाइक रामलीला मैदान से चोरी हो गई। उनका भतीजा नितिन वर्मा बाइक लेकर मैदान में गया था। शाम करीब साढ़े छह बजे अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी कर ले गया। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
श्रीराम प्लाजा की पार्किंग से बाइक चोरी
अर्जुन नगर, स्वर्ग आश्रम रोड के राजेंद्र शर्मा के बेटे विपिन की बाइक 22 अक्टूबर को दिल्ली रोड स्थित श्रीराम प्लाजा की पार्किंग से चोरी हो गई। विपिन दोपहर करीब एक बजे बाइक खड़ी कर काम से गया था। काम खत्म कर वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। पिता-पुत्र ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद राजेंद्र शर्मा ने थाने में तहरीर दी।
पुल पर युवती के हाथ से मोबाइल झपटकर भागे बाइक सवार
आदर्श नगर कालोनी की कीर्तिका 24 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे मेरठ की बस से उतरकर पुल के रास्ते पैदल घर जा रही थीं। आरोप है कि पुल के ऊपर बाइक सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपटकर मोदीनगर रोड की ओर फरार हो गए।
युवती ने शोर मचाया, लेकिन आरोपित नहीं रुके। घटना के बाद उन्होंने अपने भाई पीयूष के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
बोले जिम्मेदार
'अलग अलग घटनाओं के मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।'
-महेश कुमार, एएसपी
यह भी पढ़ें- हापुड़: सूदखोरों की गाली-गलौज से आहत किसान ने खाया जहर, 69 हजार के कर्ज ने ली जान
यह भी पढ़ें- हापुड़ में खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, किसान और परिवार पर हमला
