हापुड़ में खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, किसान और परिवार पर हमला
हापुड़ के लुखराड़ा गांव में खेत के रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक किसान, उसकी पत्नी और बेटी पर ...और पढ़ें

हापुड़ में खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष ( एआई जेनरेटेड इमेज )
केशव त्यागी, हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव लुखराड़ा में खेत के रास्ते को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीन लोगों ने किसान पर फावड़े और डंडों से हमला कर दिया। किसान को बचाने पहुंची उसकी पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट की गई।
हमले में किसान के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान पत्नी और बेटी के कानों के कुंडल भी गिर गए, जो काफी तलाशने के बाद भी नहीं मिले।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज...
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला बुलंदशहर के थाना बीबी नगर क्षेत्र के गांव भैंसाखुर के कर्मवीर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह अपनी पत्नी कमलेश और बेटी टीनू के साथ थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित गांव लुखराड़ा में अपने खेत पर चारा लेने गए थे।
इसी दौरान पड़ोस के खेत में गांव भैंसाखुर के राकेश शर्मा, उनके पुत्र विजय शर्मा और पवन मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने खेत का रास्ता काटने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। पीड़ित ने रास्ता नहीं काटने की बात कही तो कहासुनी बढ़ गई।
मामले की जांच शुरू
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने फावड़े और डंडों से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। उसे बचाने के लिए पत्नी कमलेश और बेटी टीनू आगे आईं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। मारपीट के दौरान पत्नी और बेटी के कानों के कुंडल गिर गए। काफी तलाश करने के बाद भी कुंडल नहीं मिले।
आरोप है कि हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- नशा तस्कर से ढाई लाख रुपये वसूलने के आरोप में खजूरी थाने के एसआइ और कांस्टेबल गिरफ्तार
