नशा तस्कर से ढाई लाख रुपये वसूलने के आरोप में खजूरी थाने के एसआइ और कांस्टेबल गिरफ्तार
खजूरी थाना पुलिस के एसआइ और कांस्टेबल को एक नशा तस्कर से ढाई लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

खजूरी थाने के एसआइ और कांस्टेबल गिरफ्तार
HighLights
खजूरी थाने के एसआइ और कांस्टेबल गिरफ्तार।
नशा तस्कर से ढाई लाख रुपये की वसूली का आरोप।
तिमारपुर पुलिस ने जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। खजूरी थाना पुलिस ने खाकी को दागदार कर दिया। आरोप है एक नशा तस्कर को बंधक बनाकर व एनडीपीएस एक्ट में जेल भेजने का डर दिखाकर जबरन ढाई लाख रुपये वसूल लिए। रुपयों की मांग बढ़ने पर तस्कर के स्वजन ने तिमारपुर थाना पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने खजूरी थाने के एसआइ शुभम व कांस्टेबल कपिल को जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुख्यालय की दखल से पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस खजूरी थाने में हुआ है। दोनों आरोपित एसआइ व कांस्टेबल को निलबिंत कर दिया है। इसके साथ ही खजूरी थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों का क्या कहना है?
पुलिस सूत्रों का कहना है कि एसआइ व कांस्टेबल ने पिछले सप्ताह एक नशा तस्कर को पकड़ा था। एनडीपीएस एक्ट में लंबे समय के लिए जेल भेजने की धमकी देकर 24 घंटे तक उसे हिरासत में रखा। गिरफ्तारी से बचाने के के लिए उससे ढाई लाख रुपये लिए।
लेकिन, पुलिस कर्मियों की रुपये की मांग बंद नहीं हुई। परेशान होकर तस्कर के स्वजन ने मामले की शिकायत तिमारपुर थाना पुलिस से की। आरोप लगाया कि परिवार के सदस्य को पुलिस ने अगवा कर लिया है फिरौती मांगी जा रही है।
तिमारपुर थाना पुलिस ने परिवार के साथ मिलकर तिमारपुर क्षेत्र में जाल बिछाया। दोनों पुलिसकर्मियों को रकम लेने के लिए तिमारपुर बुलाया। जैसे ही दोनों वहां पहुंचे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- फ्रिज में धमाके के बाद लगी आग, दिल्ली पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की महिला सिपाही से 24 लाख की ठगी, मुनाफे के लालच में लिया 12 लाख का पर्सनल लोन
