विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में छिजारसी टोल प्लाजा पर जाम से मिलेगी मुक्ति, जल्द शुरू होंगे चार नए बूथ

Published: Mon, 19 Jan 2026 03:36 PM (IST)

हापुड़ के छिजारसी टोल प्लाजा पर लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए चार अतिरिक्त टोल कलेक्शन बूथों ...और पढ़ें

निर्माणाधीन टोल बूथ। जागरण

निर्माणाधीन टोल बूथ। जागरण

HighLights

  1. छिजारसी टोल प्लाजा पर चार नए बूथ बनेंगे

  2. जाम से मिलेगी राहत, यातायात होगा सुचारु

  3. एक माह में चालू होंगे अतिरिक्त टोल बूथ

संवाद सहयोगी, पिलखुवा (हापुड़)। हापुड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर छिजारसी स्थित टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए टोल प्रबंधन चार अतिरिक्त टोल कलेक्शन बूथों का निर्माण करा रहा है।
इन बूथों के चालू होने के बाद यात्रियों को लंबे जाम से निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल टोल प्लाजा पर आए दिन जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

छिजारसी टोल प्लाजा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का सबसे व्यस्त टोल कलेक्शन केंद्र माना जाता है। प्रतिदिन यहां से करीब 80 हजार वाहन गुजरते हैं, जिनमें कार, बस और भारी वाहन शामिल हैं। वर्तमान में टोल प्लाजा पर कुल 18 टोल बूथ संचालित हैं। इनमें नौ बूथ दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों के लिए और नौ हापुड़ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए निर्धारित हैं।

इसके बावजूद वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण यातायात व्यवस्था अक्सर ध्वस्त हो जाती है। लंबे जाम के चलते वाहन चालकों में तनाव बढ़ जाता है और कई बार मामूली बातों पर झगड़े की स्थिति भी बन जाती है। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

यात्रियों का कहना है कि पीक आवर्स में टोल पार करने में आधे घंटे से अधिक समय लग जाता है। टोल प्रबंधन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों ओर दो-दो अतिरिक्त टोल कलेक्शन बूथ बनाने का निर्णय लिया है। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

प्रबंधन का दावा है कि एक माह के अन्दर चारों अतिरिक्त बूथ शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू होगी और टोल प्लाजा पर जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में घरों पर चस्पा किए कुर्की के नोटिस, पुलिस ने दी ये बड़ी चेतावनी

टोल मेनेजर इंद्रा प्रताप सिंह ने बताया कि एक माह के अंदर चारों टोल बूथ शुरू हो जाएंगे। जिसके बाद राहगीरों को राहत मिलेगी।