हापुड़ में बेकाबू रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ी, ड्राइवर की मौके पर मौत; 11 यात्री घायल
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह NH-09 पर एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
केशव त्यागी , हापुड़। जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह एनएच-09 स्थित गांव उपेड़ा के पास यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई।
हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 11 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत डिपी की रोडवेज बस का चालक जिला लखीमपुर खीरी भवतनगर त्रिलोकपुर खीरी का मंगल सिंह करीब 33 यात्रियों को लेकर पीलीभीत से दिल्ली की ओर जा रहा था।
सोमवार सुबह जब बस बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-09 स्थित गांव उपेड़ा के पास पहुंचा। तभी अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक नियंत्रण नहीं रख सका। इस कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। इसी बीच बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।

हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में सवार पीलीभीत के कोतवाली नगर क्षेत्र का फुरकान, वीरेंद्र सिंह, महेंद्र पाल, बलनम नगर का अमर, राजीव कालोनी विकास गौतम, फिरोजाबाद के सिरसागंज आराव का नकुल, शाहजहांपुर के निगोरी का नरसिंह, बदायूं के रामपुर टांडा का आशु शर्मा, बरेली के नवादा पुराने शहर का खालिद, रामपुर रोड रजा कालोनी का वसीम समेत 11 यात्री घायल हो गए।

पुलिस और राहत दल ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने नकुल और नरसिंह की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, वसीम और खालिद सीएचसी में उपचार चल रहा है। अन्य घायल प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
उधर, हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। पुलिस ने बुलडोजर की मदद से बस को सड़क किनारे हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के अचानक असंतुलित होने के कारण हादसा होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों के स्वजन को सूचना दे दी है।
छूकर निकल गई मौत, सदमें में रहे यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने भी घायलों को बस से बाहर निकालने में पुलिस और राहत दल की मदद की। कई यात्री ऐसे थे जिन्हें मौत छूकर निकल गई। जब उन्हें क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला गया तो वह काफी देर तक सड़क पर सदमे में बैठे रहे।
-1774237844434.jpeg)
रोते बिलखते यात्रियों ने फोन काल पर स्वजन को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद वह संभले और अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। गनीमत रही कि यात्रियों की जान नहीं गई। अन्यथा मौत का चीत्कार मच सकता था।
