पटना-डोभी हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित बुलेट की टक्कर से मजदूर और चालक समेत दो की मौत; एक गंभीर
पटना-डोभी हाईवे पर सिमरा के पास रविवार देर शाम एक अनियंत्रित बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से एक श्रमिक और बुलेट ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अनियंत्रित बुलेट की टक्कर से दो लोगों की मौत।
श्रमिक पिंटू दास और चालक राहुल कुमार ने गंवाई जान।
आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन।
संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ। परसा बाजार थाना क्षेत्र के पटना-डोभी हाईवे पर सिमरा के समीप रविवार की देर शाम अनियंत्रित बुलेट मोटरसाइकिल टक्कर से एक श्रमिक और बुलेट चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बुलेट पर बैठे एक युवक की हालत गंभीर है। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर सड़क जामकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई और मुआवजे का का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
बुलेट चला रहे युवक की भी मौत
जानकारी के अनुसार, परसा बाजार के सिमरा के समीप रविवार की देर शाम बाजार से मजदूरी कर पिंटू दास घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिंटू दास उछलकर काफी दूर सड़क किनारे जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में बुलेट चला रहे कुर्जी निवासी राहुल कुमार की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसका दोस्त अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गुस्से में पटना-डोभी हाईवे को जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ शांत होने को तैयार नहीं थी। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस के खिलाफ भी विरोध जताया। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थानाध्यक्ष मेनका रानी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया और किसी तरह जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं ग्रामीणों के सहयोग से घायल अविनाश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
