एक्सक्लूसिव: हापुड़ में बन रही थी नकली मिल्क क्रीम, लैब रिपोर्ट में खुली मिलावट की पोल
हापुड़ की भारत डेरी में मिलावटी दूध क्रीम और दही के 11 नमूने जांच में फेल हो गए हैं। इनमें ...और पढ़ें
-1791655676181_m.webp)
डेयरी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते अधिकारी, जागरण।
HighLights
हापुड़ की भारत डेरी के 11 नमूने जांच में फेल।
तीन नमूने स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित (अनसेफ) पाए गए।
डेरी संचालक जमानत पर रिहा, फिर मिलावट का आरोप।
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। शहर के एलएन रोड पर मिलावट के खेल का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। भारत डेरी से देव फ्रैस क्रीम सहित लिए गए सभी 11 नमूने जांच में फेल हो गए हैं। दही और क्रीम के तीन नमूने सेहत के लिए खतरनाक (अनसेफ) पाए गए, जबकि आठ अन्य नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
मेरठ से आई प्रयोगशाला रिपोर्ट ने खाद्य पदार्थों में मिलावट की गंभीरता उजागर कर दी है। इसके बावजूद आरोपित के खिलाफ खानापूति जैसी कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद डेरी संचालक को मिली जमानत
डेरी संचालक को गिरफ्तारी के बाद थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि थाने से छूटने के बाद उसने दोबारा नकली क्रीम बनाने का काम शुरू कर दिया है। दही में रिफाइंड तेल, वनस्पति और केमिकल मिलाकर मिल्क क्रीम बनाने का आरोप है।
दैनिक जागरण ने सात अक्टूबर के अंक में एलएन रोड पर मिलावटी क्रीम तैयार किए जाने से संबंधित समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डा. रोशन जैकब के निर्देश पर चार जिलों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान पर छापामारी की थी।
-1791655585644.webp)
पांच घंटे से अधिक चली कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर क्रीम तैयार करने की प्रक्रिया मिली थी। विभाग ने करीब 38 क्विंटल कच्चा माल सील करने के साथ ही 11 नमूने जांच के लिए लिए थे।
पहले भी जांच में सामने आई थी मिलावट
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपित प्रियांस पहले अपने गांव वनखंडा से क्रीम की बिक्री करता था। पूर्व में हुई कार्रवाई के दौरान वहां से लिए गए नमूनों की जांच में दही में रिफाइंड समेत अन्य सामग्री मिलाकर क्रीम तैयार किए जाने की बात सामने आई थी।
विभाग के अनुसार, उत्पाद में कुछ ऐसे पदार्थ भी पाए गए थे, जिन्हें खाद्य उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं माना गया था। जांच रिपोर्ट में उत्पाद को अनसेफ बताया गया था।
-1791655653456.webp)
इसके बाद वनखंडा में कारोबार बंद कर एलएन रोड पर देव फ्रैस क्रीम के नाम से कारोबार शुरू किए जाने की जानकारी विभाग को मिली। हालिया कार्रवाई में टीम ने यहां भी क्रीम तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की और नमूने लिए गए।
अब मेरठ से प्राप्त हो गई रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग के मंडनीय टीम के अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि सभी 11 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार मिल्क क्रीम और दही में ऐसे पदार्थों की मिलावट पाई गई है, जो इनमें नहीं होने चाहिए थे। यानि इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
रिपोर्ट में मिल्क क्रीम के दो और दही का एक सैंपल अनसेफ आए हैं। वहीं रिफाइंड व वनस्पति आदि अन्य पदार्थों के सैंपल सब-स्टैंडर्ड आए हैं। अब इस मामले में थाने में दर्ज अभियोग में धाराएं और बढ़ाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में तेज रफ्तार वाहन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, गंगा स्नान जा रहे परिवार के 6 लोग घायल
