हापुड़ में आवारा कुत्तों-बंदरों का आतंक, छह माह में 20 हजार लोग शिकार
हापुड़ में अप्रैल से अक्टूबर तक 20,000 लोग आवारा कुत्तों और बंदरों के काटने का शिकार हुए हैं, जिससे स्वास्थ्य ...और पढ़ें
-1792411621332_m.webp)
हापुड़ में आवारा कुत्तों-बंदरों का आतंक ( एआई जेनरेटेड इमेज )
संवाद सहयोगी, हापुड। शहर के मोहल्लों से लेकर गलियों में आवारा कुत्तों व बंदरों का आतंक अब भयावह रूप ले चुका है।
हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अप्रैल से लेकर अक्टूबर महीने के शुरूआत में अब तक 20 हजार लोग डॉग-मंकी बाइट का शिकार हुए हैं।
लगातार बढ़ रहे इन मामलों ने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग की चिंता को बढ़ा दी है, बल्कि नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं?
रोजाना अस्पताल पहुंच रहे मरीज
जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना बड़ी संख्या में डॉक-मंकी बाइट के मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।
कई मरीजों को गंभीर जख्मों के कारण एंटी रेबीज वैक्सीन के साथ सीरम तक लगवाना पड़ रहा है।अस्पतालों के टीकाकरण कक्षों में सुबह से ही मरीजों की कतारें लग रही हैं।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, मार्निंग वाक करने वालों और दोपहिया वाहन चालकों पर सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है।
कई स्थानों पर कुत्ते व बंदरों के झुंड राहगीरों का पीछा कर हमला कर चुके हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है।
कागजों में चलता है सिर्फ अभियान
लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। गौरव गोयल का कहना है कि आवारा कुत्तों व बंदरों की धरपकड़ और नसबंदी अभियान केवल नगर पालिका परिषद के कागजों तक ही सीमित होकर रह गया है। जिम्मेदार अधिकारियों ने पहले बड़े-बड़े वादे कर आश्वासन दिया था, लेकिन समस्या और भी ज्यादा विकराल हो गई है।
मुख्य घटनाक्रम
- 29 जून 2025 की रात को बाइक से सवार होकर घर लौट रहे भाजपा नेता विनीत दीवान पर कुत्तों ने हमला कर दिया और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
- 25 सितंबर 2025 को स्कूटी सवार भाजपा नेता प्रवीण सेठी पर बंदरों के झुंड ने घेर लिया और भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे।
- अप्रैल 2026 में शहर की एक गली में आवारा कुत्ते ने एक आठ साल के बच्चे के पैर को जबड़े में जकड़ लिया था, जिसे आसपास की महिलाओं ने शोर मचाया और लोगों ने छुड़वाया।
- मई 2026 में शहर के मोहल्ला में घर के बाहर खेल रही दो साल की एक बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसे स्वजन ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
- मई 2026 में राधापुरी इलाके में मार्निंग वाक पर निकले एक व्यक्ति पर बंदरों के झुंड ने हमला किया था।
- जुलाई 2026 में कृष्णा कालोनी में स्कूल जा रहे बच्चों पर बंदरों के झुंड ने हमला किया, जिससे बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।
- सितंबर 2026 में मोहल्ला लज्जापुरी में घर के बाहर खड़े अधिवक्ता अनिल आजाद पर अचानक एक बंदर ने हमला कर दिया था, वे बाल-बाल बच गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
अस्पतालों में एंटी रेबीज वैक्सीन और सीरम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डाक्टर और स्टाफ मरीजों को समय पर वैक्सीन लगा रहे हैं, जिससे रेबीज के संक्रमण को रोका जा सके। - डॉक्टर किशोर कुमार आहुजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
कुत्तों व बंदरों को पकड़ने के लिए टेंडर प्रक्रिया में है। टेंडर होने के बाद पकड़ने की कार्रवाई कराई जाएगी, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके। - संजय कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, हापुड़
यह भी पढ़ें- हमीरपुर में फल विक्रेता के सिर में गोली मारकर हत्या का आरोप, स्वजन ने शव रख कालपी स्टेट हाईवे किया जाम
