विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़मुक्तेश्वर में बारिश से 30 हजार क्विंटल धान भीगा, किसानों को बड़ा नुकसान

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:44 PM (IST)

गढ़मुक्तेश्वर में अचानक हुई वर्षा से खुले में रखा करीब 30 हजार क्विंटल धान भीग गया, जिससे किसानों और व्यापारियों ...और पढ़ें

किसान और व्यापारियों का 30 हजार क्विंटल धान भींगा ( एआई जेनरेटेड इमेज )

किसान और व्यापारियों का 30 हजार क्विंटल धान भींगा ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. गढ़मुक्तेश्वर में 30 हजार क्विंटल धान वर्षा में भीगा।

  2. नई मंडी में जगह की कमी से खुले में कारोबार।

  3. धान काला पड़ने से किसानों-व्यापारियों को नुकसान।

धुव्र शर्मा, गढ़मुक्तेश्वर। अचानक आई वर्षा के कारण करीब 30 हजार क्विंटल धान वर्षा में भीग गया है। गढ़मुक्तेश्वर में करोड़ों रुपये की लागत से करीब ढाई दशक पूर्व नई मंडी बनाई गई थी। लेकिन, इस मंडी में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण व्यापारियों ने यहां कारोबार करने से इंकार कर दिया। व्यापारी आज भी पुरानी जवाहर मंडी में ही अपना कारोबार करते हैं।

गढ़मुक्तेश्वर मंडी में हापुड़ जिले के साथ ही अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर के एक बड़े हिस्से की धान यहां पहुंचती है। यहां प्रतिदिन 40 से 50 हजार क्विंटल धान का कारोबार होता है।

मंडी से महज 42 व्यापारी पंजीकृत

मंडी से यहां मात्र 42 व्यापारी पंजीकृत है, जबकि यहां करीब 150 व्यापारी धान की खरीद खुले आसमान के नीचे खेत, खलियान, बाग, सड़क आदि पर कर रहे हैं।

शुक्रवार की सुबह अचानक वर्षा एवं ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे खुले आसमान के नीचे रखा किसानों एवं व्यापारियों का धान वर्षा में भीग गया। किसी तरह तिरपाल आदि डालकर धान को बचाने का प्रयास किया गया। करीब तीन घंटे बाद ही एक बार फिर तेज वर्षा शुरू हो गई।

किसानों और व्यापारियों को नुकसान 

धान भीगने के बाद उसका दाना काला पड़ जाएगा, जिससे बाजार में उसके दाम में गिरावट आ जाएगी। इसके कारण व्यापारियों एवं किसानों को एक बार फिर नुकसान हो गया है।

इस संबंध में मंडी इंस्पेक्टर गौरव कुमार का कहना है कि हमने किसानों की समस्या के लिए पूर्व में ही पत्राचार किया हुआ है। नई मंडी में जगह नहीं होने के कारण संपूर्ण खरीद फरोख्त पुरानी मंडी एवं उसके आसपास ही होती है।

यह भी पढ़ें- गढ़मुक्तेश्वर के पावटी जंगल में दिखा तेंदुए का जोड़ा, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने शुरू की तलाश