दीपों से जगमगा उठी गढ़मुक्तेश्वर की गंगा, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दीपदान
गढ़मुक्तेश्वर के कार्तिक पूर्णिमा मेले में चतुर्दशी की गोधूलि बेला पर हजारों दीपों से गंगा जगमगा उठी, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने मृत स्वजनों की आत्मशांति के लिए दीपदान किया।
-1795481543189_m.webp)
दीपों से जगमगा उठी गढ़मुक्तेश्वर की गंगा ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
चतुर्दशी पर हजारों दीपों से जगमगा उठी गढ़मुक्तेश्वर की गंगा।
लाखों श्रद्धालुओं ने मृत स्वजनों की आत्मशांति के लिए किया दीपदान।
पूर्णिमा स्नान में 30 लाख से अधिक भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी।
ध्रुव शर्मा, गढ़मुक्तेश्वर। गढ़मुक्तेश्वर के गंगा खादर में चल रहे कार्तिक पूर्णिमा मेले में चतुर्दशी की गोधूलि बेला पर हजारों दीपों से गंगा जगमगा उठी।
हजारों लोगों ने नम आंखों से एक वर्ष के भीतर मृत अपने स्वजन की आत्मशांति के लिए दीपदान किया। मध्य रात्रि के बाद पूर्णिमा का स्नान शुरू हो गया और श्रद्धालुओं की वापसी भी शुरू हुई। गंगा खादर में पिछले एक माह से मेला लगा है। बीते पखवाड़े में कई लाख लोगों ने यहां पड़ाव डाला।
30 लाख श्रद्धालु लगा चुके आस्था की डुबकी
सोमवार देर शाम तक करीब 30 लाख श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। दोपहर बाद हाईवे से मेले तक लोगों का सैलाब उमड़ा। ट्रैक्टर-ट्राली, बाइक, कार और भैंसा-बुग्गी से लोग पहुंचे। साधन नहीं मिलने पर कुछ श्रद्धालुओं ने करीब 10 किलोमीटर पैदल यात्रा की।
मुख्य मेला मार्ग नक्का कुआं, शाहपुर रोड और शेरा कृष्णा वाली मंढैया के रास्ते पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं। चंद मिनट का सफर तय करने में घंटों लगे। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की अधिकता के कारण हालात काबू में नहीं आए।
मध्यरात्रि के बाद शुरू हुआ स्नान
सोमवार को चतुर्दशी पर गंगा तट हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर पूजा-अर्चना की। कई लोगों ने भगवान श्री सत्यनारायण की कथा सुनी और ध्यान लगाया।
मध्यरात्रि के बाद पूर्णिमा का स्नान शुरू हुआ। इसके साथ करीब एक पखवाड़े से चल रहे मेले से लोगों की वापसी शुरू हो गई।
पूर्णिमा से पहले हटाया आरती स्थल
मेले में रोज सुबह-शाम काशी की तर्ज पर गंगा आरती होती थी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होते थे। इस बार प्रशासन ने चतुर्दशी की सुबह ही आरती स्थल हटा दिया। पंडितों के अनुसार, परंपरा में पूर्णिमा की शाम की आरती के बाद अगले दिन स्थल हटाया जाता रहा है।
पीपा पुल से श्रद्धालुओं को सुविधा
पहली बार अमरोहा के तिगरी और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर मेले को पांटून पुल से जोड़ा गया। श्रद्धालुओं ने पुल से दोनों मेलों में आना-जाना किया। पुल की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे।
यह भी पढ़ें- गढ़मुक्तेश्वर तक दौड़ेगी शटल पैसेंजर, हापुड़ में 5 मिनट का होगा ठहराव; मेला स्पेशल ट्रेन का भी विस्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।