लंबी गर्दन, शानदार कद-काठी और गजब की फुर्ती... गंगा मेले में 'अभिराज' और 'आर्या' बने चैंपियन
गढ़मुक्तेश्वर के गंगा मेले में पहली बार आयोजित स्वदेशी अश्व प्रदर्शनी में 32 घोड़ों ने अपनी नस्ल और चाल का शानदार प्रदर्शन किया। मारवाड़ी, काठियावाड़ी और नुकरा नस्ल के घोड़ों ने लोगों का मन मोहा।
-1795249137504_m.webp)
प्रदर्शनी के दौरान घोड़े की जांचकरता जजों का पैनल। जागरण
HighLights
गंगा मेले में पहली बार स्वदेशी अश्व प्रदर्शनी का आयोजन।
32 घोड़ों ने मारवाड़ी, काठियावाड़ी, नुकरा नस्लों का प्रदर्शन किया।
विभिन्न श्रेणियों में घोड़ों की चाल और बनावट का मूल्यांकन हुआ।
जागरण संवाददाता, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। गंगा मेले की रेती पर शुक्रवार को घोड़ों की टापों की गूंज और उनकी शानदार कदमताल ने लोगों का मन मोह लिया। कोई अपनी लंबी गर्दन और आकर्षक कद-काठी से दर्शकों को लुभाता नजर आया तो कोई अपनी चाल और फुर्ती से लोगों की वाहवाही बटोरता रहा।
कार्तिक पूर्णिमा मेले में पहली बार आयोजित स्वदेशी अश्व प्रदर्शनी में 32 घोड़ों ने प्रतिभाग कर अपनी नस्ल और विशेषताओं का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह ने फीता काटकर किया।

देर शाम तक चली प्रदर्शनी
वहीं, दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई प्रदर्शनी देर शाम तक चली। इसमें मारवाड़ी, काठियावाड़ी और नुकरा नस्ल के घोड़ों ने हिस्सा लिया। घोड़ों की आकर्षक चाल और साज-सज्जा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

प्रदर्शनी में निर्णायक मंडल के रूप में मथुरा विश्वविद्यालय के एलपीएम विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश सिरोही, सेना की ईबीएस के लेफ्टिनेंट कर्नल रामरतन और बिजनौर के डिप्टी सीवीओ डॉ. रजनीश शामिल हुए।
विशेषज्ञों ने घोड़ों की नस्ल, शारीरिक बनावट और अन्य विशेषताओं के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। पशु चिकित्साधिकारी ओपी मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता को नर बछड़ा, नर घोड़ा, मादा बछड़ी, वयस्क घोड़ी, नुकरा नर और नुकरा मादा श्रेणियों में बांटा गया था।

दूसरे नंबर पर छा गया घोड़ा काले प्रधान
नर बछड़ा श्रेणी में मेरठ के अभिनव का अभिराज प्रथम, बुलंदशहर के विनीत बेनीवाल का काले प्रधान द्वितीय और गाजियाबाद के योगेंद्र भाटी का कोहिनूर तृतीय रहा।
नर घोड़ा श्रेणी में अलीगढ़ के ठाकुर सज्जन सिंह का अश्व आर्या प्रथम, गाजियाबाद के राजू त्यागी का करन द्वितीय और हापुड़ के हिमांशु सिंह का जिगरी तृतीय स्थान पर रहा।
मादा बछड़ी श्रेणी में हापुड़ के हिमांशु सिंह की बीटल प्रथम, बुलंदशहर के सोनी सिंह की जारा द्वितीय और हिमांशु सिंह की केसर तृतीय रही। वयस्क घोड़ी श्रेणी में हापुड़ के पंकज त्यागी की लक्ष्मी प्रथम, गाजियाबाद के मनीष कसाना की बुलबुल द्वितीय और हिमांशु सिंह की रतना तृतीय रही।
नुकरा नर श्रेणी में अमरोहा के अश्वनी चौधरी का अंगद प्रथम, उनका ही दूसरा घोड़ा प्रथम द्वितीय और हापुड़ के विनोद कुमार का अनमोल तृतीय रहा। नुकरा मादा श्रेणी में हापुड़ के हिमांशु सिंह की चांदनी ने प्रथम और मथुरा के धान सिंह की रूबी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।