मेले की अद्भुत तस्वीरें: तंबुओं में बसा आस्था का संसार, रेती पर अपनी अलग दुनिया बसाने पहुंचे हजारों लोग
गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में हजारों श्रद्धालु शहरों की भागदौड़ छोड़ गंगा की रेती पर आस्था की एक अस्थायी नगरी बसा रहे हैं।
-1795259385218_m.webp)
गंगा की रेती में आनंद लेते किशोर। जागरण
HighLights
हजारों श्रद्धालु गंगा की रेती पर अस्थायी आस्था नगरी बसाते हैं।
परिवार शहर छोड़ 10 दिन के आध्यात्मिक, सामुदायिक अनुभव में लीन।
गंगा मेला आस्था, परंपराओं और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करता है।
जागरण संवाददाता, गढ़मुक्तेश्वर। शहरों की भागदौड़, घर की सुविधाएं और रोजमर्रा की जिम्मेदारियां पीछे छोड़कर हजारों श्रद्धालु गंगा की रेती पर अपनी अलग दुनिया बसाने पहुंच गए हैं।
वहीं, दूर-दूर तक नजर आते तंबू, कहीं चूल्हे पर पकता भोजन तो कहीं गूंजते भजन-कीर्तन... गंगा की रेती पर बसी यह अस्थायी नगरी अब आस्था, परंपरा और सामूहिक जीवन का जीवंत स्वरूप बन गई है।

तीन दशक पुरानी परंपरा
करीब 50 लाख श्रद्धालुओं की मेजबानी को तैयार इस नगरी में किसी परिवार के लिए गंगा मेले में तंबू लगाना तीन दशक पुरानी परंपरा है तो कोई पहली बार पूरे परिवार के साथ यहां पहुंचा है।
-1795259473264.webp)
भजन-कीर्तन के बीच रातें गुजरेंगी
यहां दस दिन तक श्रद्धालुओं की दिनचर्या शहरों से बिल्कुल अलग होगी। सर्द सुबह में गंगा स्नान, दिन में पूजा-पाठ और शाम ढलते ही भजन-कीर्तन के बीच रातें गुजरेंगी। घर की तरह ही तंबुओं में परिवार के रहने, खाने और विश्राम की व्यवस्था की गई है।

सदस्य बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे
कई परिवार अपने साथ बिस्तर, रसोई का सामान और जरूरत की दूसरी चीजें लेकर पहुंचे हैं। तंबुओं के बाहर कहीं चूल्हे पर खाना बनता दिख रहा है तो कहीं परिवार के सदस्य बैठकर भजन-कीर्तन कर रहे हैं।
इस अस्थायी नगरी में बुजुर्गों के लिए गंगा की रेती पुरानी यादों और आस्था से जुड़ने का माध्यम है तो बच्चों के लिए यह किसी रोमांचक दुनिया से कम नहीं। बच्चे रेत में खेलते, दौड़ते और गंगा किनारे की जिंदगी को करीब से समझते नजर आ रहे हैं।

परिवारों के लिए यह सिर्फ धार्मिक आयोजन में शामिल होने का अवसर नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ समय बिताने और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का भी मौका है।
गंगा तट पर 10 किमी की लंबाई में लगे इस मेले में जीन-जी का वास्तविक धार्मिक-सामाजिक स्वरूप दिखाई देता है। यहां पर जेन-जी आयुवर्ग का युवा राष्ट्रवाद व संस्कृति से ओतप्रोत नजर आ रहा है।
गंगा तट पर मुजफ्फरनगर से आगे वाले रामनरेश, हरेंद्र मलिक, राजेंद्र चौधरी, विवेक राणा आदि कई परिवार ऐसे हैं जो हर वर्ष मेले में आकर तंबू लगाते हैं। उनके लिए यह दस दिन सालभर की प्रतीक्षा का हिस्सा हैं।

वहीं, पहली बार आए श्रद्धालुओं खुर्जा के राजेंद्र, गाजियाबाद के विमलेश व हापुड़ के मदन सिंह के लिए तंबुओं में रहना, खुले आसमान के नीचे रात बिताना और गंगा किनारे सुबह की शुरुआत करना एक नया अनुभव है।
इस दौरान देवोत्थान का पूजन भी यहीं पर किया गया है। घरों से दूर गंगा की रेती पर बसी यह नगरी संदेश दे रही है कि सुविधाएं भले ही अस्थायी हों, लेकिन आस्था और परंपराओं की जड़ें पीढ़ियों तक कायम रहती हैं।

गंगा की रेती पर ही मिलता है परिवार के साथ सुकून
हरियाणा के पलवल के रहने वाले देवी सिंह के लिए गंगा मेला महज स्नान और पूजा का आयोजन नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताए जाने वाले जिंदगी के सबसे खूबसूरत दस दिनों का नाम है। वह बताते हैं कि पिछले 17 वर्षों से हर साल पूरे परिवार के साथ यहां आते हैं।
घर की सुख-सुविधाएं छोड़कर तंबू में रहना, सुबह गंगा मैया के दर्शन और स्नान करना तथा शाम को परिवार के साथ भजन-कीर्तन में शामिल होना उन्हें आत्मिक सुकून देता है। उनके लिए सालभर में इन दस दिनों का खास इंतजार रहता है। कहते हैं कि गंगा मैया का बुलावा ऐसा है कि एक बार यहां आने के बाद हर साल लौटने का मन करता है।

गंगा मैया के दरबार में आने का उत्साह नहीं बदला
फरीदाबाद के रहने वाले हेमराज सिंह के लिए गंगा मेले की यात्रा अब परिवार की ऐसी परंपरा बन चुकी है, जिसका सालभर इंतजार रहता है।
बताते हैं कि 12 साल पहले जब पहली बार आए थे तो पूरा परिवार ट्रैक्टर पर सवार होकर गंगा की रेती तक पहुंचा था। अब कारों से आते हैं, लेकिन मन में वही उत्साह और गंगा मैया के प्रति वही श्रद्धा है।
हर साल परिवार के साथ यहां दस दिन बिताना, साथ बैठकर खाना बनाना, गंगा स्नान करना और पूजा-पाठ करना उन्हें अलग ही खुशी देता है।

कहते हैं कि वक्त के साथ आने-जाने के साधन बदल गए, लेकिन गंगा मैया का बुलावा और परिवार के साथ यहां बिताए पलों का आनंद कभी कम नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- हापुड़ गंगा मेले में दिखा सादगी और शाही अंदाज का अनोखा संगम, चूल्हे की रोटी में घुली मां के हाथों की मिठास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।