विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीएससी के छात्र को कार से उठा ले गए दबंग, बेरहमी से पिटाई के बाद जंगल में फेंका; FIR दर्ज

Published: Fri, 30 Oct 2026 09:39 AM (IST)

हापुड़ में एसएसवी पीजी कॉलेज के गेट से बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र कैफ खान को कार सवार युवकों ने ...और पढ़ें

SSV कॉलेज के छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई। (AI-Image)

SSV कॉलेज के छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई। (AI-Image)

HighLights

  1. हापुड़ में कॉलेज गेट से बीएससी छात्र का अपहरण।

  2. छात्र को कार में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया।

  3. जबरन माफी मंगवाकर वीडियो बनाया, पुलिस जांच में।

केशव त्यागी, हापुड़। नगर के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कालेज के गेट से बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र को कार सवार युवकों ने अगवा कर लिया। आरोप है कि छात्र को कार में डालकर सुनसान स्थान पर ले गए और तमंचे की बट व लोहे के कड़ों से बेरहमी से पीटा।

इतना ही नहीं, उससे जबरन माफी मंगवाकर वीडियो भी बनाया। बाद में घायल अवस्था में श्रीराम धर्मकांटा के पास जंगल में फेंककर हमलावर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित समेत उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में

ईदगाह रोड स्थित शिवदयालपुरा के जावेद खान ने बताया कि उसका छोटा भाई कैफ खान एसएसवी पीजी कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। 28 अक्टूबर को दोपहर करीब सवा दो बजे वह कालेज में मौजूद था।

आरोप है कि इसी दौरान पिलखुवा के ऋषभ ने उसकी जबरन फोटो खींचनी शुरू कर दी। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसका मजाक उड़ाया। कैफ ने इसका विरोध किया तो ऋषभ ने फोन कर अपने चार-पांच साथियों को होंडा सिटी कार से कालेज गेट पर बुला लिया।

आरोप है कि कार सवार युवकों ने कैफ को जबरन पकड़ लिया और मुंह पर कपड़ा लगाकर मारपीट करते हुए कार में डालकर अगवा कर लिया। इस दौरान कालेज में पढ़ने वाले अमन मलिक और अयान ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सके।

दोपहर ढाई बजे मिली घटना की जानकारी

अयान ने दोपहर ढाई बजे कैफ के भाई जावेद को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर जावेद कालेज पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कैफ के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो अनवरपुर-नयागांव रोड की लोकेशन मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कैफ श्रीराम धर्मकांटा के बराबर वाली सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला।

कैफ ने बताया कि आरोपितों ने तमंचे की बट और लोहे के कड़ों से उसके साथ मारपीट की। उसकी जेब में रखे करीब 14 सौ रुपये भी गिर गए और मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। आरोपितों ने उससे जबरन यह कहलवाया कि वह लड़कियों से छेड़छाड़ करता है और माफी मांगता है। इसका वीडियो भी बनाया।

हालत बिगड़ने पर उसे सड़क किनारे फेंककर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने ऋषभ और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल छात्र का उपचार चल रहा है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ रेलवे स्टेशन पर डीआरएम के पहुंचते ही अधिकारियों में हड़कंप, अव्यवस्था मिलने पर लगाई फटकार 

यह भी पढ़ें- हापुड़ में ये क्या हो रहा...बस मामूली सी बात पर मारपीट, अब एक्शन में पुलिस