ब्रजघाट श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार में अवैध वसूली, डीएम ने दिए जांच के आदेश
गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगा है। जिलाधिकारी ने इस शिकायत पर एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं।

ब्रजघाट श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार में अवैध वसूली ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
ब्रजघाट श्मशान घाट पर अवैध वसूली का आरोप।
जिलाधिकारी को शिकायत, जांच के आदेश जारी।
अधजले शव छोड़ने और मनमानी रकम लेने का आरोप।
संवाद सहयोगी, जागरण गढ़मुक्तेश्वर। गंगा नगरी ब्रजघाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगा है।
पिलखुवा के रहने वाले एक व्यक्ति ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। डीएम कविता मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता पंकज मित्तल ने आरोप लगाया कि श्मशान घाट पर कुछ लोगों ने अपना गिरोह बना रखा है। यह लोग अंतिम संस्कार के लिए बाहर से आने वाले लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। इसके बाद लकड़ी और पूजा सामग्री के नाम पर हजारों रुपये की वसूली करते हैं।
आरोप है कि अंतिम संस्कार कराने के नाम पर भी मनमानी रकम ली जाती है, इसके बावजूद शवों का पूरी तरह अंतिम संस्कार नहीं किया जाता और कई बार अधजले शव छोड़ दिए जाते हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो ऐसे लोगों के हौसले बढ़ेंगे और समस्या गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके साथ ही श्मशान घाट की निगरानी के लिए नगर के संभ्रांत लोगों की एक समिति गठित करने का सुझाव दिया है। इसमें एसडीएम, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, कोतवाली प्रभारी और ब्रजघाट चौकी प्रभारी को शामिल करने की मांग की गई है, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों से मनमानी वसूली न हो और व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा सके।