विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बॉर्डर पर प्रदूषण जांच से वाहनों की रफ्तार थमी, कुंडली में लगी लंबी कतारें

Published: Tue, 03 Nov 2026 03:19 AM (IST)

एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए दिल्ली सीमा पर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है, जिससे कुंडली ...और पढ़ें

बॉर्डर पर प्रदूषण जांच से वाहनों की रफ्तार थमी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

बॉर्डर पर प्रदूषण जांच से वाहनों की रफ्तार थमी ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. दिल्ली सीमा पर वाहनों की कड़ी प्रदूषण जांच।

  2. बीएस-6 से नीचे के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।

  3. कुंडली बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी।

संवाद सहयोगी, राई। एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार और प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए सीएक्यूएम, ग्रेप स्टेज-1 तथा विंटर एक्शन प्लान के तहत कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

दिल्ली सीमा में बीएस-6 मानक से नीचे के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के दूसरे दिन भी कुंडली बॉर्डर समेत अन्य मार्गों पर चौकसी पूरी तरह सख्त रही। पुलिस की मुस्तैदी और गहन जांच के चलते लगातार दूसरे दिन भी सोमवार को सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।

12 जगह लगाए गए नाके

दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा और नियमों के पालन के लिए 12 जगह नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर पुलिसकर्मी वाहनों के पीयूसी (पाल्यूशन अंडर कंट्रोल), अधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों, निर्धारित आयु पूरी कर चुके ओवरएज वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं।

मानकों पर खरे न उतरने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी), सीएनजी और बीएस-6 डीजल वाहनों को नियमों के दायरे में छूट के साथ प्रवेश दिया जा रहा है। कड़ाई दिखाते हुए सोमवार को पुलिस ने करीब 400 चालान काटने के साथ 25 वाहन इंपाउंड किए।

केएमपी-केजीपी और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग

दिल्ली से गुजरकर अन्य राज्यों या शहरों में जाने वाले भारी और अन्य वाहनों को ट्रैफिक के दबाव से बचाने के लिए पुलिस द्वारा वैकल्पिक रास्तों का सुझाव दिया गया है।

वाहन चालकों को केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) और केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे) की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। इसके अलावा बागपत होते हुए लोनी बार्डर तथा बड़वासनी से द्वारका के रास्ते आगे बढ़ने की सलाह दी जा रही है।

मरम्मत कार्य के कारण एनएच-44 पर बनी रही चुनौती

दूसरी ओर, एनएच-44 पर ड्रेन नंबर आठ के पास पिछले चार दिनों से चल रहे मरम्मत कार्य के चलते एक लेन बंद है। इसके कारण दिल्ली से पानीपत जाने वाली लेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और वाहन रेंगते हुए नजर आए।

हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत का यह कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद वाहन चालकों को पूरी तरह से जाम से निजात मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- खरखौदा में प्रशासन का एक्शन, होटल, रेस्टोरेंट और पीजी पर छापेमारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।