विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी: 15 साल का इंतजार खत्म, 9.85 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया ARTO ऑफिस

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:19 PM (GMT+05:30)

हापुड़ में 15 साल के इंतजार के बाद 9.85 करोड़ रुपये की लागत से बने नए संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) का लोकार्पण परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। 

मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया हापुड़ के एआरटीओ का लोकार्पण। जागरण

मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया हापुड़ के एआरटीओ का लोकार्पण। जागरण

HighLights

  1. हापुड़ में 15 साल बाद नया एआरटीओ कार्यालय खुला।

  2. परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने किया कार्यालय का लोकार्पण।

  3. 9.85 करोड़ की लागत से बना आधुनिक सुविधा वाला भवन।

जागरण संवाददाता, हापुड़। जनपद बनने के करीब 15 साल बाद आखिरकार परिवहन विभाग को अपना स्थायी ठिकाना मिल गया। गांव दादरी में दो एकड़ जमीन पर 9.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नवीन संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) भवन का शनिवार को परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने लोकार्पण किया।

अभी तक किराए के भवन में संचालित हो रहे विभाग को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा। वहीं, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण समेत विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी अब बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सकेंगी।

लोकार्पण के बाद परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में परिवहन विभाग के अपने कार्यालय बनाए जा रहे हैं। हापुड़ का कार्यालय बहुत कम समय में तैयार हुआ है। इसका लाभ सीधे आम जनता को मिलेगा।

बढ़ेगी कामकाज की गुणवत्ता

अधिकारी बेहतर माहौल में लोगों के कार्य कर सकेंगे और कार्यालय आने वाले आवेदकों को भी बैठने सहित अन्य जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग जनोपयोगी सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। ऐसे में आधुनिक कार्यालय बनने से कामकाज की गुणवत्ता और लोगों की सुविधा दोनों में सुधार होगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा नेता मोहन सिंह, पवन त्यागी, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा, उप परिवहन आयुक्त मेरठ हरिशंकर शर्मा, उप परिवहन आयुक्त बरेली केपी गुप्ता, आरटीओ गाजियाबाद प्रमोद कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह चौहान और एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चाैबे सहित मेरठ मंडल के विभिन्न जिलों के परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

विपक्षी गठबंधन से भाजपा को कोई फर्क नहीं

राजनीतिक सवालों पर दयाशंकर सिंह ने विपक्षी दलों के गठबंधन को स्वार्थ का गठबंधन करार दिया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद और चंद्रशेखर के गठबंधन अथवा विपक्ष की अन्य राजनीतिक एकजुटता से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

विपक्ष की सभी पार्टियां मिलकर भी चुनाव लड़ेंगी तो जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को ही प्राथमिकता देगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, बंगाल और असम समेत विभिन्न राज्यों में भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन से स्पष्ट है कि देश में प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों को जनता का समर्थन मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में मोदी और योगी दोनों का नेतृत्व है, इसलिए यहां भाजपा की जीत की सुनामी आएगी।

मुलायम सिंह की विचारधारा से भटक गई सपा

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की स्थापना मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस के विरोध में की थी। आपातकाल के दौरान मुलायम सिंह यादव लोकतंत्र सेनानी और मीसा बंदी रहे थे।

कांग्रेस ने उन्हें जेल में बंद किया था। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी बनाई। लेकिन आज दुर्भाग्य है कि उनके बेटे कांग्रेस के साथ गठबंधन कर रहे हैं। यह विचारधारा नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ पर आधारित बेमेल गठबंधन है।

उन्होंने कहा कि सपा और बसपा एक-दूसरे की घोर विरोधी रही हैं, लेकिन वर्ष 2019 में दोनों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की जीत को नहीं रोक सके।

अब केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास के क्षेत्र में जो काम किए हैं, उनका जनता समर्थन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

प्रोटोकाल जारी नहीं होने से असमंजस में रहे अधिकारी

जिले के अधिकारियों को परिवहन राज्य मंत्री के आने की सूचना एआरटीओ की ओर से जारी निमंत्रण पत्रों से मिली। स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री का प्रोटोकाल ही जारी नहीं किया गया। जिससे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जरूरी तैयारी नहीं की जा सकी।

जिस समय मंत्री द्वारा पिलखुवा टोल पार कर लिया गया, तब जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से आनन-फानन में सुरक्षा व अन्य उपाय कराए गए। इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह से सरकारी था, लेकिन जल्दबाजी में प्रोटोकाल जारी नहीं हो सका।

यह भी पढ़ें- डिवाइडर फांद पहुंचे SP हापुड़ ने पेश की मिसाल, खुद बांधी घायल छात्रा के पैर पर पट्टी; देखते रहे राहगीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।