ससुराल गया दामाद पीछे के रास्ते से घर में कूदा, शक होने पर साले ने बुला ली पुलिस, घबराकर भागने पर गिरकर मौत
हमीरपुर में विवाद के बाद मायके में रह रही पत्नी से मिलने पहुंचे दामाद डिपेंसी सिंह की पुलिस से भागते समय छत से गिरकर मौत हो गई।

HighLights
विवाद के बाद मायके में रह रही पत्नी से मिलने पहुंचा दामाद।
ससुराल में पीछे के रास्ते से घर में घुसने पर साले ने पुलिस बुलाई।
पुलिस से भागते समय छत से गिरकर दामाद की मौत हुई।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। विवाद के बाद मायके में रह रही पत्नी से मिलने पहुंचा पति अपनी ही ससुराल में पीछे के रास्ते घर में जाकर कूद गया। युवक के कूदने की आहट सुन साले ने यूपी 112 को सूचना कर दी।
जैसे ही पुलिस की गाड़ी घर पहुंची तो युवक उसी पांव वापस लौटने लगा तभी उसका पैर फिसल गया और वह अपने चचिया ससुर के घर के आंगन में आकर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मौजूदा समय में जिला बदर चल रहा था।
यह है पूरा मामला
थाना व कस्बा बिवांर निवासी 33 वर्षीय युवक डिपेंसी उर्फ रेवती रमण सिंह पुत्र सूर्यकांत सिंह की शादी थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव निवासी देवेंद्र सिंह की पुत्री प्रांशी के साथ 20 अप्रैल 2024 को हुई थी।
बीते अगस्त माह में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद से पत्नी मायके में ही रह रही थी। बुधवार रात करीब एक बजे डिपेंसी अपनी ससुराल धनपुरा पहुंचा और घर के पीछे से दीवार फांदकर अंदर घुस गया। आहट मिलने पर उसके साले शौर्य सिंह ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
आंगन में गिरकर हुआ अचेत
पुलिस की गाड़ी को देखकर डिपेंसी घर की छत से होते हुए दूसरे घर की तरफ भागने लगा और दीवार पर चढ़कर निकलने का प्रयास करने लगा। तभी पैर फिसलने से वह चचेरे ससुर मलय सिंह के आंगन में गिरकर अचेत हो गया। शोर सुनकर मलय सिंह ने भी यूपी 112 पर काल किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने चचेरे ससुर की गाड़ी से अचेत अवस्था में डिपेंसी को छानी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी के डाॅ. आशुतोष ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, नाक से खून बह रहा था।
बिना बताए घर में घुसा था
वहीं, साले शौर्य सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, 22 सितंबर को डिपेंसी अपने साथियों के साथ आकर घर पर गाली-गलौज और अभद्रता कर चुका है, जिसकी तहरीर थाने में दी गई थी। बुधवार रात भी वह बिना बताए पीछे से घर में घुस आया था।
थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक का पैर फिसलने से नीचे गिरने पर मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि डिपेंसी हिस्ट्रीशीटर भी था जो मौजूदा समय में जिला बदर चल रहा था।
