रेलवे सुरक्षा बल के आपरेशन आहट में फंसा बिहार का मानव तस्कर, पांच बच्चे मुक्त
Human Trafficking: एक मानव तस्कर गिरफ्तार किया गया। तस्कर ने बच्चों के निर्धन माता-पिता को कुछ रुपये एडवांस में देकर उनको नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

मानव तस्कर मालदा के पोस्ट बी दौलतपुर के रंगाईपुर निवासी जहांगीर आलम
HighLights
तस्कर बिजली का काम कराने के लिए कटिहार से अहमदाबाद ले जा रहा था बच्चे
माता-पिता को कुछ रुपये एडवांस में देकर नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
जागरण संवाददाता, लखनऊ : गरीब परिवार को निशाना बनाकर उनके नाबालिग बच्चों की तस्करी करने का एक और मामला पकड़ा गया है।
आरपीएफ ने आपरेशन आहट चलाकर बिहार के कटिहार से गुजरात ले जाए जा रहे पांच नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी के चंगुल से मुक्त कराया। मौके से एक मानव तस्कर गिरफ्तार किया गया। तस्कर ने बच्चों के निर्धन माता-पिता को कुछ रुपये एडवांस में देकर उनको नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
रेलवे सुरक्षा बल एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने ट्रेन 15568 बापूधाम मोतिहालारी अमृत भारत एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी एस-5 की अयोध्या कैंट से लखनऊ के बीच जांच की। बोगी में पांच नाबालिग लड़कों को देखा गया। संदेह होने पर टीम ने बच्चों से पूछताछ की।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति कटिहार से अहमदाबाद ले जा रहा है। अहमदाबाद में उनसे बिजली के तार की कंपनी में काम मिलेगा। पूछताछ में मामला बाल श्रम एवं मानव तस्करी से संबंधित प्रतीत होने पर टीम ने बच्चों को अपने साथ ले जा रहे व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान मालदा जिले के पोस्ट बी दौलतपुर के रंगाईपुर निवासी जहांगीर आलम के रूप में हुई।
जहांगीर ने आरपीएफ को बताया कि उसने नाबालिग बच्चों के माता-पिता को कुछ रुपये अग्रिम भुगतान के रूप में दिए थे। अधिक वेतन का लालच देकर बच्चों को मजदूरी कराने के लिए ले जा रहा था। सभी पांच नाबालिग बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना में मानव तस्कर के विरुद्ध लिखित तहरीर दी गई है। उस पर बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जहांगीर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
