कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर लगा 15 किमी लंबा जाम, घंटों फंसे रहे मरीज और स्कूली बच्चे
कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर बेतवा पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट टूटने से 15 किमी लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन घंटों फंसे ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
बेतवा पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट टूटने से लगा जाम।
कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर 15 किमी तक फंसे वाहन।
भारी वाहनों के लिए 19 अक्टूबर तक रूट डायवर्ट।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर बेतवा नदी के पुल की कोठी नंबर 10 के एक्सपेंशन ज्वाइंट टूट गए हैं। मंगलवार को कार्यदायी संस्था जय बिल्डर्स ने इनकी मरम्मत शुरू कराई तो सुबह से देर शाम तक हाईवे पर लगे जाम में 15 किमी तक वाहन फंसे रहे। कई स्कूली बसें व एंबुलेंस फंस गईं। महिला मरीज अंजली करीब एक घंटे एंबुलेंस में पेट दर्द से कराहती रहीं।
यातायात कर्मी राजकुमार ने एक लेन से वाहनों का हटवाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। एक पिता जाम में बच्चे को ट्राली बैग में बैठाकर बैग घसीटते दिखे। इसके बाद एनएचएआइ के अधिकारियों ने 19 अक्टूबर तक भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू कर दिया।
हल्के वाहन पहले की तरह आवागमन करते रहेंगे।मौरंग-गिट्टी लदे ओवरलोड डंपरों-ट्रकों के कारण क्षतिग्रस्त हुए बेतवा पुल पर मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे मरम्मत शुरू हुई। दोपहर में कानपुर के आनूपुर मोड़ से हमीरपुर के कुंडौरा गांव तक जाम लगा।
10 दिन का लगेगा समय
इसी बीच यमुना पुल पर एक कार का डीजल खत्म होने से समस्या और बढ़ गई। कार्यदायी संस्था के कारिडोर मैनेजर सौरभ यादव ने बताया कि एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने में पांच दिन और मरम्मत के बाद उनके सेट होने (क्यूरिंग टाइम) में लगभग 10 दिन का समय लगेगा।
तब तक घाटमपुर से सुमेरपुर और महोबा जाने वाले भारी वाहन कानपुर से चौडगरा-बांदा होते हुए कबरई या कालपी-उरई और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होकर निकलेंगे। इसके अलावा चौडगरा-पपरेंदा होते हुए सुमेरपुर भी जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, RERA ने 8 जिलों के लिए 1226 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी
महोबा से कानपुर जाने वाले भारी वाहन कबरई से बांदा-चौडगरा मार्ग या बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होकर जा सकेंगे। हमीरपुर के राठ, सरीला व बिंवार से कानपुर जाने वाले भारी वाहन उरई-जालौन मार्ग से निकल सकेंगे।
