कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर 1 घंटे तक 10 किमी लंबा जाम, यमुना-बेतवा पुलों पर वाहनों की खराबी से फंसे रहे वाहन
कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर यमुना और बेतवा पुलों पर वाहनों के खराब होने से रविवार सुबह करीब एक घंटे तक दस ...और पढ़ें

यमुना और बेतवा पुलों पर वाहनों की खराबी के चलते कानपुर सागर हाईवे पर लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण
HighLights
यमुना पुल पर कंटेनर की बैट्री फटने व बेतवा पुल पर डीसीएम हुआ खराब
जाम लगता देख एनएचएआइ की पेट्रोलिंग टीम ने हटवाए दोनों वाहन
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। यमुना और बेतवा पुलों पर वाहनों की खराबी के कारण रविवार की सुबह एक बार फिर से कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इस कारण निकलने चलने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम लगता देख एनएचएआइ की पेट्रोलिंग टीम ने ट्रैक्टर व क्रेन की मदद से यमुना और बेतवा पुलों पर खराब हुए वाहनों को हटवाया। इसके बाद वाहनों का संचालन शुरू हो सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक लगभग दस किमी. कानपुर सागर हाईवे जाम रहा और लोग धूप में परेशान दिखे।
रविवार की सुबह करीब 11 बजे कानपुर हाईवे स्थित यमुना पुल पर कानपुर से हमीरपुर आ रहे कंटेनर की बैट्री ब्लास्ट हो गई। इसके चलते कंटेनर वहीं खड़ा हो गया। इसके बाद से हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया। जब तक एनएचएआइ की टीम उसे हटाती कि इसी दौरान बेतवा पुल पर भी कानपुर से सुमेरपुर जाते समय एक डीसीएम खराब हो गई। इसके कारण जाम की स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो गई।
दोनों पुलों पर वाहनों की खराबी के कारण सैकड़ों की संख्या में वाहन जाम में फंस गए। एनएचएआइ की टीम ने सबसे पहले यमुना पुल पर खराब हुए कंटेनर को ट्रैक्टर से खिंचवाकर हाईवे किनारे खड़ा करवाया। उसके बाद बेतवा पुल पर खराब हुई डीसीएम को क्रेन से खिंचवाकर हटवाया। इन वाहनों की खराबी के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर वाहनों का संचालन ठप रहा और सैकड़ों वाहन जाम का शिकार रहे।
वाहनों के हटने के बाद जाम खुल सका। चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे लोग आए दिन लगने वाले जाम को कोसते नजर आए। इस दौरान करीब एक घटे तक दस किमी.हाईवे जाम रहा। यातायात प्रभारी असित कुमार ने बताया कि वाहनों की खराबी के चलते जाम लगा था, फिलहाल अब स्थिति सामान्य है।
