तहसील दिवस में हमीरपुर में जनता का फूटा गुस्सा, अधिकारियों के सामने ही पटक कर तोड़ दिए Smart Meters
हमीरपुर की कांशीराम कॉलोनी के निवासियों ने स्मार्ट मीटरों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते बिल और बैलेंस कम होने ...और पढ़ें

तहसील दिवस में अधिकारियों के सामने स्मार्ट मीटर तोड़ती महिला। जागरण
HighLights
हमीरपुर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन।
कांशीराम कॉलोनी निवासियों ने मीटर उखाड़कर तोड़ा।
बढ़ते बिल और बिजली कटौती से लोग नाराज।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर को लेकर धीरे-धीरे आक्रोश पनपने लगा है। शनिवार को शहर के कांशीराम कालोनी के लोगों ने स्मार्ट मीटर को उखाड़कर जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए। स्मार्ट मीटर को डंडे में टांगकर भीड़ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंची। जहां स्मार्ट मीटर को अधिकारियों के सामने जमीन में पटककर डंडों से मार-मारकर चकनाचूर कर दिया। इससे पूर्व मुख्य मार्ग पर भी कुछ देर तक लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
जैसे जैसे गर्मी बढ़ रही है वैसे वैसे स्मार्ट मीटर को लेकर जनाक्रोश बढ़ रहा है। एडवांस रकम होने पर ही लोगों के घरों में बिजली की सप्लाई हो रही है। जैसे ही बैलेंस कम होता है बिजली कट जाती है। इस समस्या ने लोगों को बुरी तरह परेशान कर रखा है। शनिवार को दिन में कांशीराम कालोनी के सैकड़ों उपभोक्ता स्मार्ट मीटर उखाड़कर सड़कों पर उतर आए।
नारेबाजी करते हुए लोगों ने जेल रोड में कुछ देर तक जाम भी लगा दिया। यहां से भीड़ उठकर सीधे तहसील पहुंच गई। इन्होंने स्मार्ट मीटर को उखाड़कर डंडे में टांग रखा था। जिसे तहसील पहुंचकर अधिकारियों के सामने जमीन में पटककर डंडों से मार-मारकर चकनाचूर कर दिया। लोगों का कहना है कि इस मीटर ने उन लोगों की नींद उड़ा दी है। जितनी कमाई नहीं उससे ज्यादा का बिल भरना पड़ रहा है। एक पंखा और कूलर चलाना दूभर हो गया है। भीड़ ने स्मार्ट मीटर से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
बता दें कि स्मार्ट मीटर के विरोध में लगातार लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। माधौगढ़ कस्बा के बस स्टैंड के पास 15 अप्रैल की शाम को मालवीय नगर सहित तीन मुहल्लों के लोगों ने करीब 50 स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए। उन्हें सड़कर पर रखकर जाम लगा दिया था। हालांकि इस मामले में सभासद सहित 18 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में बिजली विभाग के एसडीओ की ओर से माधौगढ़ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
इसके अलावा चित्रकूट में भी 16 अप्रैल को सीतापुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर घेराव किया। बढ़े हुए बिजली बिल और कनेक्शन काटे जाने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आया।
