विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में कोतवाली में महिला का शव रखकर हंगामा, मारपीट के बाद मौत होने पर स्वजन में आक्रोश

Published: Tue, 10 Nov 2026 02:20 PM (IST)

तालाब के पास छिलकों को लेकर हुए विवाद में घायल महिला फूलादेवी की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो ...और पढ़ें

फूलादेवी की फाइल फोटो व हंगामा करते स्वजन। जागरण

फूलादेवी की फाइल फोटो व हंगामा करते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. तालाब विवाद में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत।

  2. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया।

  3. हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े स्वजन।

संवाद सहयोगी, राठ(हमीरपुर)। तालाब के पास पड़े छिलकों को लेकर दस दिन पहले हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल महिला की झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को महिला का शव लेकर पहुंचे आक्रोशित स्वजन और सैकड़ों ग्रामीणों ने कोतवाली परिसर का घेराव कर जमकर हंगामा किया।

स्वजन आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे सीओ राजीव प्रताप सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन अपनी मांग पर अड़े रहे।

कोतवाली क्षेत्र के बसेला गांव निवासी नरेंद्र अहिरवार पुत्र कल्लू अहिरवार ने बताया कि 31 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे तालाब के पास छिलके पड़े थे। इसी बात को लेकर तालाब के ठेकेदार राजू अहिरवार से उसका और उसकी मां फूलादेवी का विवाद हो गया था। आरोप है कि राजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी थी।

विरोध करने पर राजू, सुरेंद्र, हिमांशु, आवेश और राकेश के पुत्र अजय ने लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी और उसकी मां की पिटाई कर दी थी। मारपीट में उसके मुंह और मां के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। नरेंद्र ने बताया कि घायल मां को सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया।

हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी भेजा गया था। सोमवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान मां की मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे स्वजन और ग्रामीण शव लेकर कोतवाली पहुंचे और परिसर में शव रखकर आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

सीओ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में पहले ही मारपीट का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।