हमीरपुर में निर्माण के 12 घंटे बाद ही हाथ से ही उखड़ गई सड़क, ठेकेदार बोले- कल्टीवेटर से तोड़ा गया; वीडियो वायरल
हमीरपुर में मंडी परिषद द्वारा बनाई गई सड़क 12 घंटे में ही उखड़ गई, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं।
-1795271280835_m.webp)
निर्माण के 12 घंटे बाद ही हाथों से उखड़ गई मंडी की सड़क।
HighLights
हमीरपुर में 12 घंटे में सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे।
ग्रामीणों ने हाथों से सड़क उखाड़कर वीडियो इंटरनेट पर साझा किया।
ठेकेदार ने अनुचित मांग पूरी न होने पर सड़क तोड़ने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। ग्राम पंचायत मिहुंना में सिसोलर मार्ग से सिद्ध बाबा धार्मिक स्थल तक मंडी परिषद की ओर से बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को सड़क पर डामरीकरण कराया गया और शनिवार को ग्रामीणों ने महज 12 घंटे बाद ही सड़क को हाथों से उखाड़कर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए।
इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रचलित हो रहा है। ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव ने भी वीडियो इंटरनेट पर साझा कर मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
ग्रामीण ने हाथों से उखाड़ दी सड़क
मंडी परिषद द्वारा करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 22.40 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। शुक्रवार को सड़क पर डामरीकरण का कार्य कराया गया था। शनिवार को प्रचलित हुए वीडियो में ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव की मौजूदगी में ग्रामीण हाथों से सड़क की परत उखाड़ते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। वहीं ठेकेदार प्रशांत सिंह परिहार ने निर्माण कार्य में किसी तरह की अनियमितता से इंकार किया है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया गया है। आरोप लगाया कि कुछ ग्रामीण उनसे अनुचित मांग कर रहे थे और उनसे वसूली भी की गई है। मांग पूरी नहीं होने पर सड़क को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से उखाड़ा गया है।
डिप्टी डायरेक्टर ने किया था गुणवत्ता का निरीक्षण
ठेकेदार का दावा है कि उनके पास इसके साक्ष्य मौजूद हैं। जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर रामनरेश सोनकर ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को सड़क निर्माण की गुणवत्ता का निरीक्षण कर तस्वीरें निदेशक को भेजी थीं। आरोप है कि कुछ ग्रामीण निर्माण कार्य में बाधा डालकर अनुचित मांग कर रहे हैं। ठेकेदार से इंटरलॉकिंग ईंट और गिट्टी आदि भी ले जाई गई है।
मांग पूरी नहीं होने पर अब सड़क उखाड़कर घटिया निर्माण का आरोप लगाया जा रहा है। डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति से वार्ता कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
फिलहाल सड़क की गुणवत्ता और उसे उखाड़े जाने को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- इटावा में औद्योगिक विकास को 490 करोड़ के निवेश से मिली रफ्तार, 48 परियोजनाओं का भूमि पूजन पूरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।