इटावा में औद्योगिक विकास को 490 करोड़ के निवेश से मिली रफ्तार, 48 परियोजनाओं का भूमि पूजन पूरा
इटावा में GBC 5.0 के तहत औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है, जहां 500 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 490 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
500 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 490 करोड़ का निवेश।
कुल 48 परियोजनाओं का भूमि पूजन संपन्न हुआ।
कई इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन भी शुरू किया।
जागरण संवाददाता, इटावा। जनपद में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में जीबीसी 5.0 के तहत महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जनपद को 500 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक लगभग 490 करोड़ रुपये के निवेश की प्रगति प्राप्त हो चुकी है।
इस निवेश के तहत कुल 48 परियोजनाओं का भूमि पूजन संपन्न हो चुका है। इनमें 17 इकाइयां एमएसएमई विभाग से संबंधित हैं, जबकि शेष परियोजनाएं अन्य विभागों से जुड़ी हैं।
वाणिज्यिक उत्पादन शुरू
उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा ने बताया कि निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में कुछ इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन भी शुरू कर दिया है। इससे जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक विकास की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
औद्योगिक नीतियों का हो रहा प्रचार-प्रसार
उन्होंने बताया कि जनपद में निवेश की संभावनाओं को और विस्तार देने तथा नए उद्यमियों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न औद्योगिक नीतियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश एमएसएमई नीति के साथ खाद्य प्रसंस्करण नीति और पर्यटन नीति पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन नीतियों के तहत मिलने वाले प्रोत्साहनों और सुविधाओं की जानकारी संभावित निवेशकों एवं उद्यमियों तक पहुंचाई जा रही है।
जनपद में उपलब्ध औद्योगिक एवं आर्थिक संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जिले में औद्योगिक इकाइयों का विस्तार हो और विकास को नई गति मिल सके।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर के कंकड़वा घाट पर 93 लाख से बनेगा पहला पार्क, जपानी मियावाकी विधि से होगी हरियाली