विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hamirpur Protest: Gen-Alpha की एक मांग और दलदली सड़क बनवाने उतरे अधिकारी, अभिजीत दिपके के बाद केजरीवाल ने लिखा-आपने कर दिखाया

Published: Fri, 14 Aug 2026 06:45 PM (IST)

हमीरपुर में छात्रों और ग्रामीणों ने दलदली सड़क की समस्या को लेकर तिरंगा यात्रा निकालकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, जिसके ...और पढ़ें

HighLights

  1. 11 अगस्त को चंदूपुर गांव के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में किया था जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी

  2. करीब पांच किमी लंबी पैदल तिरंगा यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे चंदूपुर गांव के लोग

  3. 12 अगस्त को बनने लगी सड़क, केजरीवाल, दिपके ने Gen-Alpha के सफल आंदोलन की सराहना की

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। Hamirpur Protest:हमीरपुर में हाथों में तिरंगा लिए छात्रों, ग्रामीणों की मांग के बाद ही अधिकारी सक्रिय हो गई। कलेक्ट्रेट में घुसकर प्रदर्शन के कुछ ही देर में दलदली सड़क को बनवाने अधिकारी पहुंचे। जेएन अल्फा की बुलंद आवाज पर सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी टिप्पणी करते हुए लिखा-आपने कर दिखाया।

Hamirpur Protest

चंदूपुर गांव जाने वाली कीचड़युक्त सड़क। वीडियोग्रैब

पांच किमी तक निकाली थी तिरंगा यात्रा

विकासखंड कुरारा के चंदूपुर गांव के बच्ची के डेरा से लेकर हमीरपुर तक की करीब डेढ़ किमी. की कच्ची सड़क हर वर्ष बरसात में दलदल हो जाती है। करीब 1600 की आबादी को निकलने चलने में दिक्कत होती है। बच्चे कीचड़ वाला रास्ता होने के कारण पढ़ाई को स्कूल नहीं जा पाते हैं और बीमार और गर्भवती महिलाओं को लेने के लिए एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती है। इस समस्या से परेशान ग्रामीणों ने 11 अगस्त को गांव से लेकर कलेक्ट्रेट तक करीब पांच किलोमीटर तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचे।

Hamirpur Protest

कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास करते ग्रामीण और छात्र। वीडियो ग्रैब

कलेक्ट्रेट में हुआ था जमकर हंगामा

कलेक्ट्रेट में पहुंचकर छात्रों व ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे को देखते हुए कलेक्ट्रेट को छावनी में तब्दील कर दिया गया। डीएम के न मिलने से नाराज अभिभावकों व बच्चों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बच्चे नारेबाजी करते हुए हाथ में तिरंगा लहराते नजर आए और अपनी मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की। सुबह करीब 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक यह प्रदर्शन कलेक्ट्रेट में चलता रहा।

Hamirpur Protest

 बच्ची का डेरा कच्ची सड़क से पैदल जाते एडीएम राकेश कुमार व अन्य अधिकारी। जागरण    

कच्ची सड़क का जायजा लिया, मार्ग पर डाली गई कंक्रीट

चंदूपुर ग्राम पंचायत में करीब सात मजरे हैं। इनमें सड़क न होने से ग्रामीणों व बच्चों द्वारा सड़क की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में करीब चार घंटे जोरदार प्रदर्शन किया था। इसका असर दूसरे दिन दिखाई दिया। एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार के नेतृत्व में खनिज, पीडब्ल्यूडी व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर कच्ची सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद मार्ग पर कंक्रीट डाला गया है। एडीएम राकेश कुमार ने बताया कि कच्ची सड़क पर कंक्रीट डालकर उसे आवागमन के योग्य बनाने के लिए कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Hamirpur Protest

बच्ची के डेरा में ग्रामीणों से बातचीत करते एसडीएम अभिषेक कुमार व मौजूद अन्य अधिकारी। जागरण 

....हम भी कुछ बनना चाहते हैं

चंदूपुर गांव समेत गंगवा का डेरा, भिखुआ डेरा, ब्रह्मा का डेरा, बचुआ का डेरा, बच्ची का डेरा, चुनकू का डेरा और बनवासी का डेरा के सैकड़ों लोग व कक्षा एक से 12 तक पढ़ने वाले बच्चे अपने अभिभावकों के साथ हाथ में तिरंगा लेकर कलेक्ट्रेट प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। प्रदर्शन कर रही छात्राओं को जब एसडीएम सदर अभिषेक कुमार व सीओ यशपाल सिंह के समझाने पर छात्राएं बोलीं कि साहब हम भी आपकी तरह पढ़ लिखकर कुछ बनना चाहते हैं। लेकिन क्या करें यह बदहाल सड़क हमारी पढ़ाई में रोड़ा बनी हुई है। जिस पर एसडीएम ने बच्चों को भरोसा देते हुए समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।

Hamirpur Protest

जीत की मुस्कान...हमीरपुर में मंगलवार को कच्चे मार्ग को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर शुरू कराए गए मार्ग दुरुस्त के काम को देखकर बच्चों के चेहरों में मुस्कान छा गई और वह कुछ इस तरह से खुशी जताते नजर आए। जागरण

मार्ग दुरुस्त होने से चेहरों में मुस्कान

आजादी के बाद से पक्की सड़क की मांग करने वाले चंदूपुर गांव समेत आसपास के डेरों के ग्रामीणों व स्कूली बच्चों के चेहरों में जो आक्रोश नजर आ रहा था वो अगले दिन मुस्कान में बदल गया है। सदर एसडीएम अभिषेक कुमार ने टिनशेड के नीचे डेरा जमा लिया है और सुबह से लेकर देरशाम तक अपनी निगरानी में काम करवाने में जुटे हुए हैं। वहीं सड़क में चल रहे काम को देखने के लिए भी ग्रामीणों का मजमा लगा हुआ है। ग्रामीणों को यह खुशी आजादी के बाद मिली है।

Hamirpur Protest

चंदूपुर मार्ग को दुरुस्त करने में लगी भारी भरकम मशीनें। जागरण

 

डुग्गी पिटवाकर ग्रामीणों व बच्चों को जुटाया, मिली सफलता

चंदूपुर गांव समेत ग्राम पंचायत में आने वाले गंगवा का डेरा, भिखुवा का डेरा, ब्रह्मा का डेरा, बचुआ का डेरा, चुनकू का डेरा, बनवासी का डेरा के ग्रामीणों और बच्चों को डुग्गी पिटवाकर एकत्र किया गया था। इस प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन का भी पसीना छूट गया था। अगले दिन कच्चे मार्ग को बरसात में दलदल से बचाने के लिए मिट्टी के ऊपर मौरंग डाली जा रही है। जिसके बाद ईंटों का रोड़ा बिछाया जा रहा है। जिसकी रोलर की मदद से कुटाई कराकर उसके ऊपर फिर से मौरंग व डस्ट डालकर सड़क को चलने लायक बनाने का काम किया जा रहा है। वहीं बरसात बाद भुगतान आने पर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

Hamirpur Protest

ब्रह्मा डेरा से चंदूपुर जाने वाले कच्चे मार्ग में रोड़ा डालकर समतल करता रोलर। जागरण

भारी भरकम मशीनों से कराया जा रहा काम, एसडीएम समेत लगे लेखपाल

सड़क को दुरुस्त कराने के लिए एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने चंदूपुर गांव के मोड़ पर बने टिनशेड के नीचे डेरा जमा लिया है। उनके साथ कानूनगो और लेखपालों की टीम काम को करवाने में लगी हुई है। इस काम में पांच जेसीबी व एक रोलर लगाया गया है जो सड़क को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। सुबह से लेकर देरशाम तक काम किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द मार्ग दुरुस्त हो जाए।

सीजेपी के बाद आप ने की प्रशंसा

दलदल सड़क से निजात को लेकर जेन अल्फा का मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुआ हंगामा इंटरनेट मीडिया में छा गया। एक्स से लेकर इंस्टाग्राम, फेसबुक सभी प्लेटफार्मों पर सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलित स्कूली बच्चों के वीडियो प्रचलित हो रहे हैं। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने भी एक्स पर बच्चों के प्रदर्शन को सैल्यूट किया। वहीं, आम आदमी पार्टी के हैंडल से लिखा गया है, शानदार बच्चों!। अरविंद केजरीवाल ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आपको बहुत बहुत बधाई। आपने कर दिखाया। अब भारत डरेगा नहीं, बल्कि डराएगा।


ग्राम चंदूपुर की सड़क समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई हो रही है। अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया है और कंक्रीट डालकर मार्ग को सही किया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
- अभिषेक गोयल, डीएम हमीरपुर।

 

 

 

यह भी पढ़ें- हमीरपुर का एक ऐसा गांव जहां आजादी के बाद भी नसीब नहीं हुई सड़क, आक्रोशित बच्चे व ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट में फूटा गुस्सा