विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में बारूद सुखाते समय पटाखा गोदाम में लगी आग, 6 मजदूर सुरक्षित निकले व एक झुलसा

Published: Sat, 03 Oct 2026 05:14 PM (IST)

राठ के सरसई गांव में एक पटाखा गोदाम में बारूद सुखाते समय आग लग गई, जिससे एक मजदूर झुलस गया ...और पढ़ें

HighLights

  1. बारूद सुखाते समय पटाखा गोदाम में आग लगी

  2. एक मजदूर झुलसा, अन्य छह मजदूर सुरक्षित बाहर निकले

  3. गोदाम में क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण मिला

संवाद सहयोगी, राठ (हमीरपुर)। जलालपुर मार्ग पर सरसई गांव के पास पालिटेक्निक कालेज के बगल में शनिवार को धूप में बारूद सुखाते समय पटाखा गोदाम में आग भड़क उठी। लपटें उठते ही गोदाम में काम कर रहे छह मजदूरों में भगदड़ मच गई। एक मजदूर के बाल झुलस गए, जबकि अन्य मजदूर किसी तरह बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया। पड़ोसियों की सक्रियता से एक बड़ा हादसा होते टल गया। जांच में क्षमता से अधिक पटाखे व बारूद गोदाम में पाया गया है।

राठ कोतवाली के पठानपुरा मोहल्ला निवासी सुधीर गुप्ता पुत्र आत्मप्रकाश ने सरसई रोड पर पालिटेक्निक कालेज के पास आतिशबाजी का गोदाम बना रखा है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे छह मजदूर पटाखा बनाने के लिए बारूद धूप में सुखा रहे थे। इसी दौरान बारूद में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे पटाखों और सामग्री को चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की लपटें उठते ही मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में एक मजदूर के बाल झुलस गए, जबकि अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग से पटाखा बनाने की सामग्री और तैयार पटाखों की बड़ी मात्रा जलने की बात सामने आई है। हालांकि लाइसेंसधारक ने नुकसान की जानकारी देने से इंकार कर दिया।

नायब तहसीलदार सुभाष कुमार और कोतवाल अनूप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने गोदाम की जांच की तो अंदर भारी मात्रा में तैयार पटाखे रखे मिले। क्षमता से अधिक पटाखों के भंडारण की भी जांच की जा रही है। गोदाम के अंदर तैयार पटाखे रखे जाने के संबंध में भी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

इस संबंध में एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बताया कि पटाखा गोदाम में आग लगने की घटना की जांच कराई गई है। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गोदाम में पटाखों के भंडारण, क्षमता और निर्धारित मानकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आग भड़कते ही सांसत में आ गई थी मजदूरों की जान

गोदाम में बारूद और तैयार पटाखों के बीच आग भड़की तो छह मजदूरों की जान सांसत में आ गई। लपटें तेजी से फैलती देख मजदूर जान बचाकर बाहर भागे। आसपास के लोगों ने समय रहते समर सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया, वरना हादसा और भयावह हो सकता था और कई जानें जा सकती थी।

धूप में बारूद सुखाना पड़ा भारी

पटाखा बनाने के लिए बारूद धूप में सुखाया जा रहा था। इसी दौरान उठी एक चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। घटना के बाद बारूद सुखाने और पटाखों के भंडारण की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

कालेज के पास पटाखों का भंडार

पटाखा गोदाम पालिटेक्निक कालेज के बगल में बना है। आग की लपटें उठने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। प्रशासन अब गोदाम की क्षमता, भंडारण और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है। कालेज के पास पटाखों का भंडारण कहीं न कहीं खतरे को बयां कर रहा है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसमें छात्रों को भी नुकसान हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें- हमीरपुर DM को जेन अल्फा ने घेरा, बोले- मिड-डे मील में पानी जैसी मिलती है दाल और दूध में मिलाते हैं मट्ठा