विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत, हादसे के बाद रातभर पानी में पड़ा रहा शव

Published: Sat, 22 Aug 2026 02:41 PM (IST)

हमीरपुर के कुर्रा गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे ...और पढ़ें

राजू व रामगनेश की फाइल फोटो। स्वजन

राजू व रामगनेश की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. कुर्रा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी

  2. रामगनेश की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई

  3. राजू अहिरवार का शव सड़क किनारे नहर में मिला

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। राठ कोतवाली के कुर्रा गांव के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा एक युवक उछलकर सड़क किनारे बंबी में भरे पानी में जा गिरा, जबकि दो युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ पहुंचाया। यहां से गंभीर घायल रामगनेश को मेडिकल कालेज उरई रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उरई से उसे झांसी रेफर किया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, पानी में गिरे युवक का रातभर पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह चरवाहों ने शव को पानी में उतराता देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इकठौर गांव निवासी रामऔतार अहिरवार ने बताया कि उसका 35 वर्षीय छोटा भाई राजू अहिरवार शुक्रवार को जरिया थाना क्षेत्र के पचखुरा गांव निवासी अपनी बहन कपूरी की ससुराल में आयोजित तेरहवीं संस्कार में गया था। शाम को गांव लौटते समय कुर्रा नहर के पास उसे गांव के 50 वर्षीय माधव राजपूत पुत्र जगत राजपूत और 50 वर्षीय रामगनेश पुत्र रामेश्वर परिहार मिल गए। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे।

कुर्रा गांव के पास पहुंचते ही चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के पीछे बैठा राजू उछलकर सड़क किनारे बंबी में भरे पानी में जा गिरा, जबकि बाइक चालक माधव और रामगनेश सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

कोतवाल अनूप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी राठ में भर्ती कराया। यहां रामगनेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। उरई से चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे रामगनेश

मृतक के पुत्र शिवनारायण ने बताया कि पिता के नाम छह बीघा जमीन थी। वह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह वह गांव के माधव के साथ राठ गए थे। शाम को सब्जी खरीदकर दोनों गांव लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। रामगनेश अपने पीछे तीन पुत्र शिवनारायण, धीरेन्द्र और अरविंद छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोहित रानी का रो-रोकर बेहाल है।

यह भी पढ़ें- हमीरपुर बेतवा पर निर्माणाधील पुल गिरने की पूरी हुई जांच, 6 श्रमिकों की मौत का जिम्मेदार 'मौसम', ठेकेदार ब्लैकलिस्ट