पूर्वोत्तर रेलवे में सीतापुर से बुढ़वल तक तीसरी व चौथी लाइन को मंजूरी, UP में 49 रेल परियोजनाएं स्वीकृत
पूर्वोत्तर रेलवे के सीतापुर-बुढ़वल-गोंडा-गोरखपुर-भटनी-छपरा हाई डेंसिटी नेटवर्क पर तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने का कार्य स्वीकृत हो गया है। ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश की 49 रेलवे परियोजनाओं को मिल चुकी है मंजूरी। जागरण
HighLights
सीतापुर-बुढ़वल-गोंडा-गोरखपुर-भटनी-छपरा नेटवर्क पर तीसरी-चौथी लाइन।
उत्तर प्रदेश में 49 रेल परियोजनाओं को मिली है मंजूरी।
गोंडा कचहरी से बुढ़वल तक पहली चौथी रेल लाइन बिछेगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में सीतापुर-बुढ़वल-गोंडा-गोरखपुर-भटनी-छपरा हाई डेंसिटी नेटवर्क में शामिल हो गया है। उच्च यातायात घनत्व वाले इस रेल मार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन बिछेगी। तीसरी रेल लाइन का निर्माण तेज गति से शुरू हो गया है। चौथी लाइन के लिए भी सर्वे के साथ निर्माण आरंभ हो गया है।
रेल मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश की 49 रेल परियोजनाएं स्वीकृत की है। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 3,807 किलोमीटर और अनुमानित लागत 62,360 करोड़ रुपये है। रेल संपर्क को और सुदृढ़ करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं को भी मंजूरी दी जा चुकी है।
लखनऊ मंडल में गोंडा कचहरी से बुढ़वल के बीच 55.75 किमी रेलमार्ग पर पूर्वोत्तर रेलवे की पहली चौथी रेल लाइन बिछेगी। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर रेलवे प्रशासन ने सर्वे कार्य पूरा कर चौका घाट-घाघरा घाट के बीच सरयू नदी (घाघरा) पर 1037 मीटर लंबे पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड ने पहली चौथी रेल लाइन को मंजूरी देते हुए 796.30 करोड़ का बजट भी स्वीकृत कर दिया है।
डोमिनगढ़ से खलीलाबाद के बीच 30 किमी चौथी रेल लाइन के लिए भी रेलवे बोर्ड ने सर्वे को मंजूरी दे दी है। मनकापुर से खलीलाबाद तक 88 किमी तीसरी लाइन के साथ ही चौथी लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गोरखपुर के रास्ते बाराबंकी से छपरा तक 425 किमी रेलमार्ग का दोहरीकरण (डबल लाइन) हो गया है। आने वाले दिनों में बाराबंकी से गोरखपुर होते ही छपरा तक तीसरी व चौथी लाइन बिछ जाएगी।
यह भी पढ़ें- चमकेगा धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप, 50 करोड़ से बिछेगा 60 मीटर चौड़ी सड़कों का जाल
दरअसल, रेल मंत्रालय अपनी ट्रैक क्षमता में व्यापक विस्तार करने जा रहा है। देश के सात हाई-डेंसिटी रेल कारिडोर को चरणबद्ध तरीके से फोर लेन बनाने की तैयारी है। इन कारिडोर में दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-हावड़ा और दिल्ली-गुवाहाटी रूट शामिल हैं। इसीक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के हाई डेंसिटी नेटवर्क वाले रेलमार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन रेल लाइन बिछाने का कार्य तेज गति से शुरू हो गया है।
