Move to Jagran APP

गोरखपुर-बस्ती मंडल में ट्रिपल इंजन के साथ दौड़ेगी भाजपा सरकार, सातों जिलों में लहराया केसरिया

UP nikay chunav result नगरीय निकाय चुनाव में गोरखपुर-बस्ती मंडल में सातों जिलों में केसरिया लहराया। नगर निगम के वार्डों की 42 सीटें भाजपा के कब्जे में आईं। वहीं भाजपा का सफाया करने का दावा करने वाली सपा का गोरखपुर में नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर खाता भी नहीं खुला।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandPublished: Sun, 14 May 2023 01:38 PM (IST)Updated: Sun, 14 May 2023 01:38 PM (IST)
योगी के गढ़ में खिला कमल। (फाइल फोटो)

गोरखपुर, रजनीश त्रिपाठी। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार गोरखपुर-बस्ती मंडल में अब ट्रिपल इंजन के साथ दौड़ेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस गढ़ में लोकसभा की नौ और विधानसभा की 34 सीटों पर काबिज भाजपा ने निकाय चुनाव में भी 38 सीटों पर केसरिया लहराया। महापौर पद पर लगातार चौथी जीत दर्ज करने वाली भाजपा ने 42 वार्डों में कमल खिलाकर पूर्ण बहुमत का बोर्ड बनाया।

सपा का सफाया

भाजपा को उखाड़ फेंकने का दावा करने वाली सपा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जहां खाता भी नहीं खोल सकी वहीं सात सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। पेशे से चिकित्सक भाजपा प्रत्याशी डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की जीत से पहले सपा प्रत्याशी काजल निषाद ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मतगणना स्थल पर हंगामा भी किया।

जीत के बाद धरना

उरुवा में भी निर्दल प्रत्याशी के समर्थकों ने धरना दिया। देवरिया नगर पालिका में अलका सिंह की जीत के साथ हैट्रिक लगाने वाली भाजपा ने सात निकायों में भी जीत दर्ज की। सपा और निर्दल चार-चार सीटों के साथ बराबरी पर रहे। कुशीनगर नगर पालिका में भाजपा के विनय जायसवाल की जीत ने पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह की साख को मजबूत किया तो सपा के पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने हाटा में पहली बार सपा को जीत दिलाते हुए हार के जख्म पर मरहम लगाया। महराजगंज और बस्ती में भाजपा भले ही उलटफेर का शिकार हुई लेकिन सीटें यहां भी उसकी सबसे ज्यादा रहीं।

यहां मात खा गई भाजपा

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के गढ़ महराजगंज और नौतनवां नगर पालिका सीट पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा तो बस्ती से सपा की नेहा वर्मा ने जीत दर्ज कर भाजपा के हाथ से सीट छीन ली। पूर्व विधायक संजय जायसवाल रुधौली से तो अपनी पत्नी को नहीं जिता सके लेकिन पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने गणेशपुर से पत्नी को चेयरमैन का ताज पहना दिया। संतकबीर में भाजपा, बसपा और निर्दल को दो-दो सीटें मिलीं तो सपा के हिस्से एक सीट आई। बेलहर कलां में आजाद समाज पार्टी ने जीत दर्ज कर चौंका दिया।

पार्टी  गोरखपुर देवरिया महराजगंज कुशीनगर बस्ती संतकबीरनगर सिद्धार्थनगर

भाजपा  08          07            03             07          05         02                06

सपा     00          04             02             01          04        01                 02

बसपा   01          02            01              01          01        02                 01

निर्दल   03          04            03              04          00        02                 02

कांग्रेस  00          00            01              00          00        01                 00

ये भी जानें

  • 38 नपा व नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने दर्ज की जीत
  • 14 सीटें समाजवादी पार्टी के कब्जे में
  • 09 सीटों पर बसपा के प्रत्याशी जीते
  • 18 निर्दल प्रत्याशियों ने भी लहराया जीत का परचम
  • 02 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी कांग्रेस
  • 08 सीटें भाजपा ने गोरखपुर में जीतीं, सात पर कुशीनगर में कब्जा जमाया

This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.