गोरखपुर पुलिस मुठभेड़ में दो चेन लुटेरे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; एक सिपाही भी घायल
गोरखपुर में कैंट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो चेन लुटेरों अजय उर्फ मंगरु और संजय को गिरफ्तार किया। दोनों ...और पढ़ें

एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम।
HighLights
गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो चेन लुटेरे गिरफ्तार
बदमाशों अजय और संजय के पैर में लगी गोली
लूटी गई चेन, बाइक और हथियार पुलिस ने बरामद किए
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महिलाओं की चेन छीनने वाले दो बदमाशों को कैंट थाना पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। बदमाश अजय उर्फ मंगरु के दाएं और संजय के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ में सिपाही भूपेंद्र यादव भी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से छिनैती की दो चेन, वारदात में प्रयुक्त बाइक, दो कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गगहा के देउरवीर निवासी अजय उर्फ मंगरु और बेलीपार के कसिहार निवासी संजय के रूप में हुई है। दोनों कैंट थाने में दर्ज चेन छिनैती के दो मामलों में वांछित थे।
महिलाओं से चेन लूटकर भागे थे, दो चेन और कट्टा बरामद
20 जुलाई को सब्जी लेने जा रही महिला की बाइक सवार बदमाशों ने चेन खींच ली और फरार हो गए। इसके बाद 29 जुलाई की सुबह टहलने निकली महिला के गले से भी बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली थी। दोनों घटनाओं के बाद कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
पुलिसकर्मी भी घायल, विंध्यवासिनी पार्क के पास हुई मुठभेड़
रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों की विन्ध्वासिनी पार्क के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कैंट थाना प्रभारी ने बदमाशों पर हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- ‘कहां-कहां से आ गए थे, चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी.. अखिलेश यादव का जयन्त चौधरी पर तीखा हमला
बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास
अजय उर्फ मंगरु के खिलाफ कैंट, खजनी और गगहा थाने में लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संजय के खिलाफ भी लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
