12 जोड़ी ट्रेनों से टीटीई सीट खत्म, IRCTCSO ने जताया विरोध
लगभग 12 जोड़ी ट्रेनों से टीटीई (टिकट चेकिंग स्टाफ) की सीटें खत्म कर दी गई हैं, जिससे स्टाफ में आक्रोश ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वैशाली एक्सप्रेस समेत लगभग 12 जोड़ी ट्रेनों से टीटीई (टिकट चेकिंग स्टाफ) की सीट खत्म कर दी गई है। सीट खत्म होने से टिकट चेकिंग स्टाफ में आक्रोश है। इंडियन रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ आर्गनाइजेशन (IRCTCSO) ने नाराजगी जताई है।
संगठन ने सलेमपुर के सांसद रमाशंकर विद्यार्थी राजभर के माध्यम से रेलवे बोर्ड को पत्र भेजा है। सांसद ने बोर्ड अध्यक्ष से व्यवस्था में तत्काल रोक लगाने और पूर्व निर्धारित सीटों, विशेष रूप से बी वन कोच में टीटीई के लिए निर्धारित सात नंबर सीट को फिर से बहाल करने की मांग की है।
सांसद ने रेलवे बोर्ड को बताया है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में टिकट चेकिंग स्टाफ को कई घंटे लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है। ड्यूटी के दौरान बैठने और निर्धारित विश्राम के लिए पर्याप्त सीट नहीं मिलने से उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर असर पड़ सकता है। निर्धारित सीटों को कम करना अथवा समाप्त करना व्यावहारिक नहीं है।
आइआरटीसीएसओ के अनुसार 15565/15566 वैशाली एक्सप्रेस, 12565/12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12557/12558 बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस, 12533/12534 पुष्पक एक्सप्रेस, 15010/15009 इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15054/15053 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस, 15113/15114 गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में टीटीई स्टाफ के लिए उपलब्ध सीटों में कमी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- जमीन खरीदने से पहले सिर्फ खतौनी नहीं, ये 7 दस्तावेज भी देखें; एक कागज की कमी पड़ सकती है भारी
कुछ ट्रेनों में निर्धारित सीटें पूरी तरह समाप्त कर दी गई हैं। 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस के एसी टू में कोच कंडक्टर की सीट समाप्त हो गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के अलावा ईस्टर्न रेलवे, नार्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे सहित अन्य जोनों में भी व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
