यूपी में सपा और भाजपा के नेता बनेंगे समधी, तिवारी हाता और करवरिया परिवार में रिश्ता, देहरादून में हुई सगाई
पूर्वांचल के प्रभावशाली तिवारी हाता और प्रयागराज के करवरिया परिवार के बीच अब पारिवारिक रिश्ता जुड़ गया है। पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के पौत्र कंदर्प शंकर तिवारी की सगाई भाजपा नेता उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी से देहरादून में हुई।
-1795713862437_m.webp)
सपा के विनय शंकर तिवारी का भाजपा के उदयभान करवरिया परिवार से जुड़ेगा रिश्ता। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
तिवारी हाता और करवरिया परिवार के बीच अब पारिवारिक रिश्ता।
कंदर्प शंकर तिवारी और साक्षी करवरिया की देहरादून में सगाई।
एक परिवार सपा, दूसरा भाजपा से जुड़ा, राजनीतिक चर्चा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल की राजनीति में कभी खासा प्रभाव रखने वाले तिवारी हाता और प्रयागराज के करवरिया परिवार के बीच अब पारिवारिक रिश्ता जुड़ने जा रहा है। पूर्व मंत्री स्व. हरिशंकर तिवारी के पौत्र और चिल्लूपार के पूर्व विधायक एवं सपा नेता विनय शंकर तिवारी के पुत्र कंदर्प शंकर तिवारी की सगाई भाजपा नेता उदयभान करवरिया की छोटी बेटी साक्षी करवरिया से हो गई है।
बुधवार को देहरादून में आयोजित पारिवारिक समारोह में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई। इस आयोजन को पूरी तरह निजी और गोपनीय रखा गया। इसमें दोनों परिवारों के बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए। परिवार की ओर से न तो कोई आधिकारिक जानकारी साझा की गई और न ही सोशल मीडिया पर समारोह की तस्वीरें या सूचना सामने आई।
दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की चर्चा काफी समय से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चल रही थी। माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव के बाद इस संबंध में औपचारिक कार्यक्रम होगा।
बीच में रिश्ता तय नहीं हो पाने की चर्चाएं भी सामने आईं, लेकिन पर्दे के पीछे बातचीत जारी रही। आखिरकार देहरादून में सगाई के साथ दोनों परिवारों के संबंध पर मुहर लग गई।
12 नवंबर को शक्ति प्रदर्शन से चर्चा में आए थे उदयभान
उदयभान करवरिया वर्ष 2002 से 2007 तक भाजपा के विधायक रहे हैं। उनका परिवार प्रयागराज के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में गिना जाता है। 12 नवंबर 2026 को उन्होंने रामपुर करछना में बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक सक्रियता का अहसास कराया था। इसे विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनकी राजनीतिक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया। इस आयोजन में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा भी की थी।
एक परिवार भाजपा में तो दूसरा सपा की राजनीति में सक्रिय
इस रिश्ते की राजनीतिक वजह से भी चर्चा है। उदयभान करवरिया भाजपा में हैं, जबकि उनके होने वाले समधी विनय शंकर तिवारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हैं। विनय शंकर तिवारी के परिवार पर हुई कार्रवाई के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने टिप्पणी की थी कि कुछ लोगों को 'हाता नहीं भाता'।
इसके बाद 18 नवंबर को गोरखपुर दौरे पर आए अखिलेश यादव धर्मशाला स्थित तिवारी हाता पहुंचे थे। उन्होंने तिवारी परिवार के साथ करीब एक घंटा बिताया और कहा था कि यह वही हाता है जो सबको भाता है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 2.93 लाख पेंशनर्स ने जमा किए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, घर बैठे एप से भी सबमिट कर सकेंगे प्रमाणपत्र
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।