विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में सपा के मंच पर गैरहाजिर सिपाही, धनघटा से चुनाव लड़ने की कर रहा तैयारी

Published: Sat, 03 Oct 2026 11:28 AM (IST)

ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के कारण निलंबित सिपाही श्याम सुंदर चौहान अब संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी ...और पढ़ें

डायल-112 में तैनाती के दौरान बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता। फोटो- इंटरनेट

डायल-112 में तैनाती के दौरान बढ़ाई राजनीतिक सक्रियता। फोटो- इंटरनेट

HighLights

  1. निलंबित सिपाही श्याम सुंदर चौहान धनघटा से चुनाव लड़ने की तैयारी में।

  2. वह समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है।

  3. सरकारी कर्मचारियों के राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने पर प्रतिबंध है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। डायल-112 में तैनात रहा सिपाही श्याम सुंदर चौहान अब संतकबीरनगर जिले की धनघटा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटा है। लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर करीब तीन माह पहले निलंबित किए जाने के बाद भी उसने पुलिस लाइन में आमद नहीं कराई।

इस बीच वह समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में नजर आ रहा है। सपा के पोस्टर-बैनर पर उसकी तस्वीर और नाम के साथ ''सिपाही'' लिखा पोस्टर व राजनीतिक संदेह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। मामला सामने आने के बाद एसपी क्राइम अयोध्या सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।

श्याम सुंदर मूल रूप से संतकबीर नगर के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव का निवासी है। वह 1994 बैच का सिपाही है और अब तक करीब 11 जिलों में तैनात रह चुका है। वर्ष 2023 में कुशीनगर से स्थानांतरित होकर गोरखपुर में डायल-112 में तैनाती मिली थी। इसी दौरान धनघटा क्षेत्र में उसकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ने लगी।

वर्ष 2023 की इंटरनेट मीडिया पोस्ट में उसने धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद क्षेत्रीय गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों से जुड़ी पोस्ट लगातार सामने आती रहीं। करीब एक माह पहले धनघटा के लोहरेया में सपा के बूथ अध्यक्ष, जोन और सेक्टर प्रभारियों की समीक्षा बैठक हुई थी।

इसमें श्याम सुंदर ने मंच से स्वयं को ''श्याम सुंदर चौहान सिपाही'' बताते हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उसने बूथ संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों पर भी बात रखी। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक पोस्टर में श्याम सुंदर लाल टोपी पहने नजर आ रहा है।

पांच अक्टूबर को सपा प्रदेश अध्यक्ष के धनघटा आने के कार्यक्रम को लेकर भी उसके नाम से लोगों को आमंत्रित करने वाली पोस्ट सामने आई है। एसपी क्राइम अयोध्या सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर निलंबित है। उससे संपर्क कर गैरहाजिर होने का कारण पता किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस की नई सूची में गोरखपुर का दबदबा, पूर्वांचल में वोट बैंक साधने की रणनीति


सरकारी सेवा में राजनीतिक गतिविधियों पर रोक
उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली में सरकारी कर्मचारियों के राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने और चुनाव में भाग लेने को लेकर प्रतिबंध हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। सरकारी सेवा में रहते हुए अगर कोई कर्मचारी चुनाव लड़ता है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हो सकती है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में चेकिंग के दौरान युवक से की अभद्रता, विरोध पर पीटा; चार निलंबित